इंस्पेक्टर पीके सिंह की गुड नेटवर्किंग का कमाल! 12 घंटे में चोरी का खुलासा, शातिर चोर गिरफ्तार
लखनऊ : राजधानी लखनऊ के कृष्णानगर थाना प्रभारी निरीक्षक पीके सिंह की सक्रियता, बेहतर पुलिस नेटवर्किंग और त्वरित कार्रवाई के चलते पुलिस ने महज 12 घंटे के भीतर बंद मकान में हुई चोरी की घटना का खुलासा कर दिया। पुलिस ने चोरी के मामले में एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से पीली व सफेद धातु के जेवरात सहित नकदी बरामद की है। पुलिस की इस कार्रवाई को अपराधियों के खिलाफ प्रभावी रणनीति और मजबूत सूचना तंत्र का नतीजा माना जा रहा है।
पुलिस के मुताबिक, कनौसी निवासी कुसुम राजपूत पत्नी संजय कुमार ने 26 अक्टूबर 2026 को कृष्णानगर थाने में तहरीर देकर घर से जेवरात चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर चोर की तलाश शुरू की। घटना के शीघ्र अनावरण के लिए दो पुलिस टीमें गठित की गईं।
सीसीटीवी और मुखबिर तंत्र से खुला राज
थाना प्रभारी निरीक्षक पीके सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीमों ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों, मैनुअल इनपुट और स्थानीय सूचना तंत्र की मदद से जांच को तेजी से आगे बढ़ाया। पुलिस की सक्रियता के चलते मामले में प्रकाश में आए आरोपी अमन राजपूत उर्फ भोला (25) निवासी कनौसी को 26 अक्टूबर को बाराबिरवा चौराहे के पास परिकल्प नगर, सिंचाई विभाग कॉलोनी के निकट से गिरफ्तार कर लिया गया।
चोरी के जेवर बेचने की फिराक में था आरोपी
पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ के अनुसार, आरोपी ने कनौसी निवासी अपने पड़ोसी संजय कुमार के घर से जेवरात चोरी करने की बात स्वीकार की। पुलिस का कहना है कि आरोपी बरामद जेवरात को बेचने की फिराक में था, तभी उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
जेवरात के साथ 520 रुपये नकद बरामद
गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से दो पीली धातु के झुमके, एक जोड़ी सफेद धातु की पायल, सफेद धातु का एक सिक्का और 520 रुपये नकद बरामद किए गए हैं। मामले में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है। वहीं पुलिस अभियुक्त का अपराधी के इतिहास खंगालने में जुटी हुई है।
पीके सिंह की कार्यशैली की चर्चा
कृष्णानगर थाना प्रभारी निरीक्षक पीके सिंह के नेतृत्व में पुलिस की त्वरित कार्रवाई, स्थानीय नेटवर्किंग और साक्ष्यों के आधार पर की गई पड़ताल ने चोरी के मामले को जल्द सुलझाने में अहम भूमिका निभाई। घटना के सामने आने के बाद पुलिस टीम ने बिना समय गंवाए जांच तेज की और आरोपी तक पहुंच गई। महज 12 घंटे के भीतर घटना के अनावरण और चोरी के सामान की बरामदगी से पुलिस की सक्रियता सामने आई है।
पुलिस आयुक्त तरुण गाबा के निर्देशों के क्रम में डीसीपी दक्षिण मो० मुश्ताक, एडीसीपी दक्षिण रल्लापल्ली वसंथ कुमार और एसीपी कृष्णानगर लक्ष्मण वर्मा के पर्यवेक्षण एवं मार्गदर्शन में की गई इस कार्रवाई में कृष्णानगर पुलिस टीम शामिल रही। गिरफ्तार आरोपी को नियमानुसार न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर जेल भेज दिया गया है।
रिपोर्टर - उमेश विश्वकर्मा

No Previous Comments found.