भांजे की शादी में आजमगढ़ गया था परिवार, पीछे से घर का ताला तोड़ नकदी-जेवर और सरकारी मोबाइल चोरी
लखनऊ : राजधानी लखनऊ के कृष्णानगर कोतवाली क्षेत्र में चोरों ने एक बंद मकान को निशाना बनाकर नकदी, सोने-चांदी के जेवरात और सरकारी मोबाइल फोन पर हाथ साफ कर दिया। वारदात के समय मकान मालिक परिवार के साथ अपने भांजे की शादी में शामिल होने आजमगढ़ गए हुए थे। घर लौटने पर टूटा ताला और बिखरा सामान देखकर उनके होश उड़ गए। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू कर दी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, कृष्णानगर कोतवाली क्षेत्र की संगम विहार कॉलोनी, केसरी खेड़ा निवासी विजय कुमार गौतम पुत्र स्वर्गीय महावीर लाल ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह 6 नवंबर 2025 को सुबह अपने परिवार के साथ भांजे की शादी में शामिल होने आजमगढ़ गए थे। उसी रात जब वह वापस लौटे तो घर के मुख्य गेट का ताला टूटा हुआ था और गेट खुला पड़ा था।
घर के अंदर दाखिल होने पर कमरों का सामान अस्त-व्यस्त मिला। जांच करने पर पता चला कि चोर घर से पांच हजार रुपये नकद, सोने-चांदी के जेवरात और उनका सरकारी मोबाइल फोन चोरी कर ले गए हैं। पीड़ित ने अपने स्तर से चोरी गए सामान की काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद उन्होंने रविवार को कृष्णानगर कोतवाली पहुंचकर पुलिस को लिखित शिकायत दी। प्रभारी निरीक्षक पीके सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस चोरी की घटना की जांच करते हुए आरोपियों की तलाश में जुटी है।
रिपोर्टर : राजेश वर्मा

No Previous Comments found.