कृष्णानगर पुलिस ने पेंटर हत्याकांड का किया खुलासा
लखनऊ : राजधानी लखनऊ के कृष्णानगर थाना क्षेत्र के कनौसी इलाके में शराब के पैसे को लेकर हुए विवाद में अपने ही दोस्त की हत्या कर फरार हुए आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। कृष्णानगर पुलिस ने मंगलवार को 25 हजार रुपये के इनामी अभियुक्त राजेश रावत उर्फ काली को गिरफ्तार कर उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त चाकू बरामद किया है। वारदात के बाद से फरार चल रहे आरोपी की गिरफ्तारी पुलिस के लिए चुनौती बनी हुई थी। पुलिस की तकनीकी निगरानी, मैनुअल साक्ष्यों और स्थानीय सूचना तंत्र की मदद से आरोपी तक पहुंचने में सफलता मिली।
कृष्णानगर थाना प्रभारी निरीक्षक पी के सिंह ने बताया कि बीते 9 अक्टूबर को सुखपाल की हत्या के मामले में उसकी मां जया देवी की तहरीर पर कृष्णानगर थाने में मुकदमा अपराध संख्या 0423/2026, धारा 103(1) भारतीय न्याय संहिता के तहत राजेश रावत के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। मृतक सुखपाल मूल रूप से हरदोई जिले के टड़ियावां थाना क्षेत्र का निवासी था और लखनऊ में मजदूरी व पेंटिंग का काम करता था। वह कृष्णानगर के कनौसी इलाके में किराये के कमरे में रहता था।
शराब के पैसों को लेकर भिड़े थे दोनों दोस्त
पुलिस की पूछताछ में आरोपी राजेश रावत ने बताया कि वह और सुखपाल एक साथ किराये पर कमरा लेकर रहते थे और मजदूरी करते थे। 8 अक्टूबर को काम से लौटने के बाद दोनों शराब लेकर कमरे पर पहुंचे और साथ बैठकर पीने लगे। इसी दौरान शराब के पैसे के भुगतान को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि कहासुनी बढ़ने पर राजेश ने गुस्से में पास रखे चाकू से सुखपाल के गले पर वार कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद पकड़े जाने के डर से उसने शव को घर के बाहर कूड़े के पास फेंक दिया और मौके से फरार हो गया।
चार पुलिस टीमों ने शुरू की थी तलाश
घटना के बाद आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस उपायुक्त दक्षिणी मोहम्मद मुश्ताक के निर्देशन में चार पुलिस टीमों का गठन किया गया था। पुलिस लगातार तकनीकी एवं मैनुअल साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की तलाश कर रही थी। आखिरकार 27 अक्टूबर को कृष्णानगर पुलिस ने उसे कनौसी स्थित देसी शराब ठेके के सामने रेलवे लाइन से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त एक चाकू बरामद किया है।
पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में मिली सफलता
यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त लखनऊ तरुण गाबा और संयुक्त पुलिस आयुक्त (अपराध एवं मुख्यालय) अपर्णा कुमार के निर्देश पर चलाए जा रहे अपराध नियंत्रण अभियान के तहत की गई। पुलिस उपायुक्त दक्षिणी मोहम्मद मुश्ताक के निर्देशन, अपर पुलिस उपायुक्त दक्षिणी रल्लापल्ली वसंथ कुमार के पर्यवेक्षण और एसीपी कृष्णानगर लक्ष्मण वर्मा के मार्गदर्शन में प्रभारी निरीक्षक प्रद्युम्न कुमार सिंह के नेतृत्व वाली टीम ने आरोपी को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर आरोपी को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर जेल भेज दिया है। इस कार्रवाई से कृष्णानगर पुलिस ने हत्या के मामले में फरार चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी अभियुक्त को पकड़ने में सफलता हासिल की।
रिपोर्टर : उमेश विश्वकर्मा

No Previous Comments found.