तकनीकी गलती से दूसरे के खाते में पहुंचे 7.80 लाख रुपये

लखनऊ - राजधानी लखनऊ के कृष्णानगर थाना क्षेत्र में पुलिस की साइबर टीम ने तत्परता और सूझबूझ का परिचय देते हुए तकनीकी त्रुटि के कारण दूसरे व्यक्ति के बैंक खाते में स्थानांतरित हुई 7,80,026 रुपये की पूरी धनराशि सकुशल वापस करा दी। पुलिस की इस कार्रवाई से संबंधित कंपनी को बड़ी राहत मिली। रकम वापस मिलने पर आवेदक ने कृष्णानगर पुलिस टीम की भूरि-भूरि प्रशंसा की। पुलिस कमिश्नर लखनऊ तरुण गाबा एवं संयुक्त पुलिस आयुक्त (अपराध एवं मुख्यालय) अपर्णा कुमार के निर्देश पर अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के क्रम में पुलिस उपायुक्त दक्षिण मोहम्मद मुश्ताक के कुशल निर्देशन, अपर पुलिस उपायुक्त दक्षिण रल्लापल्ली वसंत कुमार के पर्यवेक्षण तथा सहायक पुलिस आयुक्त कृष्णानगर लक्ष्मण वर्मा के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई।

वेतन ट्रांसफर के दौरान हुई तकनीकी गलती 

पुलिस द्वारा जारी प्रेस नोट के अनुसार, 10 अक्टूबर 2026 को श्री कृष्णा भोला द्वारा संचालित मैनपावर सप्लाई पीआरओ सर्विसेज कंपनी की ओर से कर्मचारी का वेतन ट्रांसफर करते समय तकनीकी त्रुटि हो गई। इसके चलते 7,826 रुपये के स्थान पर 7,80,026 रुपये की धनराशि वीरेंद्र कुमार के बैंक खाते में स्थानांतरित हो गई।

इस संबंध में ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई गई

मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रभारी निरीक्षक कृष्णानगर पी० के० सिंह के निर्देशन में साइबर पुलिस टीम ने तत्काल संबंधित बैंक से संपर्क स्थापित किया और खाते में उपलब्ध धनराशि को फ्रीज कराने की कार्रवाई की। इसके बाद बैंक से प्राप्त जानकारी के आधार पर संबंधित खाताधारक वीरेंद्र कुमार, पुत्र बिहारी, निवासी रानी सागर, नंदापुर, नंदपुर, जनपद फतेहपुर से संपर्क स्थापित कर आवश्यक कार्रवाई की गई। पुलिस टीम के प्रयासों से तकनीकी त्रुटि के कारण स्थानांतरित हुई 7,80,026 रुपये की पूरी धनराशि सकुशल वापस करा दी गई।

इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका 

इस सराहनीय कार्रवाई में कृष्णानगर थाना प्रभारी निरीक्षक प्रद्युम्न कुमार सिंह के नेतृत्व में साइबर हेल्प डेस्क प्रभारी उपनिरीक्षक शिवम चौधरी, महिला आरक्षी शीतिमा अग्रिहोत्री तथा महिला आरक्षी अंशिका शर्मा ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से न केवल कंपनी की बड़ी धनराशि वापस मिली, बल्कि यह भी सामने आया कि बैंकिंग लेनदेन में हुई तकनीकी त्रुटि के मामलों में समय रहते शिकायत दर्ज कराने और संबंधित बैंक से तत्काल संपर्क स्थापित करने से प्रभावी कार्रवाई संभव है। कृष्णानगर पुलिस की इस कार्रवाई ने एक बार फिर साबित किया कि समयबद्ध शिकायत और पुलिस की सक्रियता से आर्थिक नुकसान को रोकने में बड़ी मदद मिल सकती है।

रिपोर्टर - उमेश विश्वकर्मा

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.