डॉ० बी०आर० अंबेडकर राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित सुमन उपाध्याय का भव्य अभिनंदन

लखनऊ :  शिक्षा और समाज के क्षेत्र में तीन दशकों से निरंतर योगदान देने वालीं सेंट एंजेल्स कॉलेज, लखनऊ की संस्थापक निदेशक एवं ऑवर लिटिल एंजेल होम की संचालिका सुमन उपाध्याय को डॉ. बी.आर. अंबेडकर राष्ट्रीय पुरस्कार 2026 से सम्मानित किए जाने पर विद्यालय परिवार में हर्ष और गौरव का माहौल है। इस उपलब्धि के उपलक्ष्य में आज बुधवार को शांति नगर, सरोजनी नगर स्थित सेंट एंजेल्स कॉलेज में उनका अभिनंदन एवं सम्मान समारोह आयोजित किया गया।

लगातार शिक्षा एवं समाजसेवा के क्षेत्र में काम कर रहीं सुमन उपाध्याय को यह प्रतिष्ठित सम्मान 24 अक्टूबर 2026 को चंडीगढ़ स्थित पंजाब विश्वविद्यालय के गोल्डन जुबली हॉल में आयोजित इंटरनेशनल ट्रेडिशनल स्पोर्ट्स एंड गेम्स (TSG) कॉन्फ्रेंस 2026 के अंतर्गत प्रदान किया गया था। उनकी इस उपलब्धि को विद्यालय परिवार ने शिक्षा, सामाजिक जागरूकता और उत्कृष्ट नेतृत्व के प्रति उनके लंबे समर्पण का सम्मान बताया।

समारोह में कॉलेज के प्रबंधक वीरेंद्र उपाध्याय ने सुमन उपाध्याय को सम्मानित किया। वहीं, विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती शालिनी चतुर्वेदी ने उन्हें हार्दिक बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने इस उपलब्धि को विद्यालय परिवार के लिए गर्व का विषय बताया।

तीन दशकों का समर्पण, विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा 

सुमन उपाध्याय के नेतृत्व और निरंतर प्रयासों ने शिक्षा के क्षेत्र में सकारात्मक योगदान दिया है। उनके कार्यों से प्रेरित होकर विद्यार्थियों ने भी उनके प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त की। कक्षा नौ के विद्यार्थियों ने विशेष संदेश के माध्यम से उन्हें राष्ट्रीय पुरस्कार मिलने पर शुभकामनाएं दीं और उनके अनुकरणीय नेतृत्व एवं समर्पण की सराहना की। बच्चों का यह आत्मीय अंदाज समारोह का विशेष आकर्षण रहा।

नशामुक्त भारत और पारंपरिक खेलों के संरक्षण पर जोर 

इंटरनेशनल ट्रेडिशनल स्पोर्ट्स एंड गेम्स कॉन्फ्रेंस 2026 में पारंपरिक खेलों के संरक्षण, संवर्धन और प्रचार-प्रसार के साथ विभिन्न खेल संगठनों के बीच सहयोग को बढ़ावा देने जैसे विषयों पर चर्चा की गई। वहीं, नशामुक्त भारत अभियान के माध्यम से युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और सामाजिक संगठनों एवं शिक्षण संस्थानों की भूमिका को मजबूत करने की आवश्यकता भी रेखांकित की गई।

राज्य स्तरीय तैराकी प्रतियोगिता के विजेता भी सम्मानित 

समारोह के दौरान राज्य स्तरीय तैराकी प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों तनमय वर्मा और परी तिवारी को भी सम्मानित किया गया। विद्यालय परिवार ने दोनों विद्यार्थियों की उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

इस अवसर पर सेंट एंजेल्स कॉलेज परिवार ने सुमन उपाध्याय की राष्ट्रीय स्तर पर मिली उपलब्धि और विद्यार्थियों की खेल प्रतिभा को विद्यालय के लिए गौरवपूर्ण क्षण बताया। कार्यक्रम ने शिक्षा, सामाजिक जागरूकता और खेलों के प्रति समर्पण का संदेश दिया।

रिपोर्टर :  उमेश विश्वकर्मा

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.