तालकटोरा पुलिस का शिकंजा, चेन स्नैचिंग और मोबाइल छिनैती की दो वारदातों का खुलासा

लखनऊ :  राजधानी में चेन स्नैचिंग और मोबाइल छिनैती की घटनाओं पर कार्रवाई करते हुए तालकटोरा पुलिस ने दो वारदातों का खुलासा किया है। पुलिस ने एक 19 वर्षीय आरोपी शिवम गुप्ता उर्फ शुभम गुप्ता को गिरफ्तार किया है, जबकि करीब 16 वर्षीय किशोर को किशोर न्याय अधिनियम के प्रावधानों के तहत पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है। आरोपियों के कब्जे से पीली धातु की चेन, रियलमी 11 5G मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल सफेद एक्टिवा स्कूटी बरामद की गई है। पुलिस के मुताबिक, 27 अक्टूबर को अपराधियों की तलाश के दौरान मुखबिर से मिली सूचना पर आलमनगर रेलवे स्टेशन के पास वाहन पार्किंग से पहले स्कूटी सवार दोनों को पकड़ा गया। पूछताछ और बरामदगी के आधार पर 23 अक्टूबर को तालकटोरा पुलिया के पास महिला के गले से चेन छीनने की घटना का खुलासा हुआ।

इसके अलावा, 10 अक्टूबर को दर्ज मोबाइल छिनैती के मुकदमे से संबंधित रियलमी 11 5G मोबाइल भी बरामद हुआ। पुलिस के अनुसार, मोबाइल का IMEI नंबर संबंधित मुकदमे में दर्ज IMEI से मेल खाने पर उसे बरामद माल के रूप में चिह्नित किया गया। दोनों मामलों में बरामदगी के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 317(2) भी बढ़ाई गई है।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी शिवम गुप्ता उर्फ शुभम गुप्ता के खिलाफ आलमबाग थाने में पहले से भी दो मुकदमे दर्ज हैं। फिलहाल पुलिस दोनों मामलों में साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है। तालकटोरा पुलिस की इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक शिव सिंह, प्रवीन कुमार, मुकेश मिश्रा, महेश कुमार सहित पुलिस टीम के अन्य सदस्य शामिल रहे।

 

 रिपोर्टर : राजेश वर्मा

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.