निगोहां के लालपुर में 70 फुट गहरे कुएं में गिरे बुजुर्ग की मौत
निगोहां : निगोहां के लालपुर गांव में बुधवार सुबह हुए दर्दनाक हादसे में 80 वर्षीय बुजुर्ग की जान चली गई। हाइवे किनारे शमशेर के खेत में बने करीब 70 फुट गहरे पुराने कुएं में गिरे बुजुर्ग का शव करीब 6 घंटे के रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद प्राइवेट गोताखोरों ने निकाला।
लालपुर निवासी शिवदर्शन ने बताया कि उसके पिता सरदार (80) सुबह करीब 10 बजे घर से खाना खाकर निकले थे। कुछ देर बाद पड़ोसी ने सूचना दी कि उसके पिता खेत के कुएं में गिर गए हैं। परिजन मौके पर पहुंचे तो कुएं के बाहर उनकी चप्पलें और लाठी पड़ी मिली, जबकि कुएं के अंदर उनका गमछा पानी में उतराता दिखा।
सूचना पर निगोहां पुलिस, फायर ब्रिगेड और एसडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंचीं। ग्रामीणों की मदद से बचाव कार्य शुरू किया गया। ट्रैक्टर और बोरवेल इंजन लगाकर कुएं का पानी बाहर निकाला गया, लेकिन पानी का स्रोत तेज होने से कुआं बार-बार भर जा रहा था। इस कारण सरकारी टीमों के प्रयास के बाद भी सफलता नहीं मिल पा रही थी।
आखिर में बुलाए गए प्राइवेट गोताखोरों ने कड़ी मशक्कत के बाद बुजुर्ग को कुएं से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतक के परिवार में पत्नी सुखरानी, इकलौता बेटा शिवदर्शन और बहू हरवादेई हैं। बेटे के अनुसार पिता की मानसिक स्थिति ठीक नहीं रहती थी।
ग्रामीणों ने बताया कि यह कुआं करीब 200 साल पुराना है और अब बेकार पड़ा है। इसी कुएं में 2012 में रामचंद्र के 19 वर्षीय बेटे सूरज की गिरने से मौत हो गई थी। कई मवेशियों की भी इसमें जान जा चुकी है। ग्रामीणों ने मांग की है कि हादसों को रोकने के लिए इस खतरनाक कुएं को जल्द बंद कराया जाए।
रिपोर्टर : धीरज तिवारी

No Previous Comments found.