चोरों का तांडव - सपोर्टगंज चौराहे पर एक रात में 4 दुकानों के ताले टूटे, 5.20 लाख की चोरी

लखनऊ - राजधानी लखनऊ में चोरों ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था को चुनौती देते हुए आशियाना और पीजीआई थाना क्षेत्र की सीमा पर स्थित सपोर्टगंज चौराहे के आसपास एक ही रात में चार दुकानों के ताले चटका दिए। चोर दुकानों से महंगे सिगरेट के पैकेट, अन्य सामान और गल्ले में रखी नकदी लेकर फरार हो गए। पीड़ित दुकानदारों ने कुल करीब 5.20 लाख रुपये के नुकसान का अनुमान जताया है। घटना के बाद स्थानीय व्यापारियों में दहशत और आक्रोश है। वहीं, रात्रि पुलिस गश्त के साथ-साथ दोनों थानों के बीच सीमा को लेकर समन्वय पर भी सवाल उठ रहे हैं।

थाना सीमा के दोनों ओर चोरी, दो दुकानें आशियाना तो दो पीजीआई क्षेत्र में 

जानकारी के मुताबिक, सपोर्टगंज चौराहे पर आशियाना और पीजीआई थाना क्षेत्र की सीमा के आसपास चोरों ने सुनियोजित तरीके से चार दुकानों को निशाना बनाया। इनमें दो दुकानें आशियाना थाना क्षेत्र और दो दुकानें पीजीआई थाना क्षेत्र में बताई जा रही हैं। एक ही रात में चार दुकानों के ताले टूटने से व्यापारियों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।

दुकानदारों के अनुसार, वे बुधवार रात करीब 11 बजे रोजाना की तरह दुकानें बंद कर घर चले गए थे। गुरुवार सुबह करीब चार बजे क्षेत्र में सफाई करने पहुंचे नगर निगम केसफाई कर्मचारियों ने एक दुकान का शटर आधा खुला देखा। उन्होंने आसपास के दुकानदारों के मोबाइल नंबर जुटाकर घटना की जानकारी दी। इसके बाद दुकानदार मौके पर पहुंचे तो गुमटी दुकानों के ताले व कुण्डे  टूटे मिले और अंदर रखे महंगे महंगे सिगरेट, पान मसालों सहित गल्ले की धनराशि गायब मिला। पीड़ितों ने तत्काल डायल 112 पर सूचना दी और संबंधित थानों में अज्ञात चोरों के खिलाफ लिखित शिकायत दी।

किसी का 25 हजार, तो किसी का 1.70 लाख रुपये का नुकसान 

दुकानदार नीरज चौरसिया ने अपनी दुकान से करीब 20 से 25 हजार रुपये के सामान की चोरी होने की जानकारी दी। वहीं, निर्मल चौरसिया के मुताबिक, उनकी दुकान में करीब 65 हजार रुपये का नुकसान हुआ है। दुकानदार रवि बाजपेई और मनीष कुमार गुप्ता ने करीब 1.70 लाख रुपये के नुकसान की बात कही है। चारों दुकानदारों ने सामान और नकदी मिलाकर कुल लगभग 5.20 लाख रुपये की चोरी का अनुमान जताया है। चोर मुख्य रूप से महंगे सिगरेट के पैकेट और गल्ले में रखी नकदी समेट ले गए। घटना से स्थानीय दुकानदारों में भारी रोष व्याप्त है।

सीमा विवाद में उलझी पुलिस? दोपहर तक कार्रवाई को लेकर उठे सवाल 

घटना को लेकर स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि वारदात के बाद आशियाना और पीजीआई थाना क्षेत्र की सीमा को लेकर स्थिति स्पष्ट न होने के कारण दोनों थानों की पुलिस के बीच समन्वय की कमी दिखाई दी। लोगों का कहना है कि चोरी की घटना के बाद दोपहर तक पुलिस की कार्रवाई को लेकर असमंजस बना रहा और पीड़ित दुकानदार परेशान होते रहे।

स्थानीय निवासियों का सवाल है कि जब चोर एक ही रात में चार दुकानों के ताले तोड़कर लाखों रुपये का सामान लेकर फरार हो गए, तो रात्रि गश्त के दौरान पुलिस को इसकी भनक तक क्यों नहीं लगी? हालांकि, सीमा विवाद और कार्रवाई में देरी को लेकर लगाए गए आरोपों पर संबंधित पुलिस अधिकारियों का पक्ष सामने आना बाकी है।

आक्रोशित लोगों ने की नारेबाजी, सीसीटीवी से चोरों की तलाश 

गुरुवार को घटना स्थल के पास एकत्र स्थानीय लोगों एवं दुकानदारों ने पुलिस के खिलाफ नारेबाजी कर रात्रि गश्त पर सवाल उठाए। व्यापारियों ने क्षेत्र में पुलिस की नियमित गश्त बढ़ाने और चोरों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। आशियाना थाने में तैनात उपनिरीक्षक संदीप ठाकुर ने बताया कि चोरी की शिकायत मिली है और पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। फुटेज के आधार पर चोरों की पहचान कर कार्रवाई करने की बात कही गई है।

एसीपी कैंट ने मामले को लिया गंभीरता से 

वहीं जैसे ही चोरी के घटना की सूचना एसीपी कैंट सुजीत कुमार दुबे को मिली तो उन्होंने तुरंत एक्शन लेते हुए आशियाना पुलिस को कड़े निर्देश दिए। जिसके बाद हरकत में आयी आशियाना पुलिस सीसीटीवी फुटेज खनलने एवं चोरों के तलाश में जुट गई है। एक ही रात में दो थाना क्षेत्रों की सीमा के आसपास चार दुकानों में चोरी की वारदात ने व्यापारियों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब निगाहें पुलिस की जांच पर हैं कि चोरों की पहचान कब होती है और थाना सीमा को लेकर उठे सवालों पर दोनों थानों के बीच समन्वय कैसे सुनिश्चित किया जाता है।

रिपोर्टर - राजेश वर्मा

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.