फर्जी भारतीय पासपोर्ट से दुबई की सैर कर लौटा नेपाली नागरिक गिरफ्तार, लखनऊ एयरपोर्ट पर इमिग्रेशन जांच में खुली पोल

लखनऊ :  राजधानी लखनऊ के चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर इमिग्रेशन जांच के दौरान एक बड़े फर्जीवाड़े का खुलासा हुआ है। नेपाली नागरिकता छिपाकर भारतीय पहचान के आधार पर फर्जी दस्तावेज तैयार कराने और भारतीय पासपोर्ट बनवाकर विदेश यात्रा करने वाले एक नेपाली नागरिक को सरोजनीनगर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी दुबई से लखनऊ लौटा था, जहां इमिग्रेशन अधिकारियों की सतर्कता से उसकी असली पहचान उजागर हो गई।

पुलिस के मुताबिक, 28 अक्टूबर 2026 को दुबई से लखनऊ पहुंची फ्लाइट के यात्री दिलीप कुमार पुत्र नरेश कुमार निवासी सुथना बरसोला, पोस्ट तिकोनिया, जनपद लखीमपुर खीरी पर इमिग्रेशन अधिकारियों को संदेह हुआ। जांच के दौरान उसके पास से नेपाली नागरिकता प्रमाण पत्र और नेपाली पैनकार्ड की छायाप्रति बरामद हुई। इन दस्तावेजों में उसकी वास्तविक पहचान दिनेश खड़का पुत्र नरबहादुर खड़का, निवासी वार्ड नंबर-10, लम्की चूहा पालिका, जिला कैलाली, नेपाल दर्ज मिली।

जांच में सामने आया कि आरोपी ने कथित तौर पर अपनी नेपाली नागरिकता छिपाकर कूटरचित दस्तावेजों के जरिए भारतीय पहचान तैयार कराई और उसी आधार पर भारतीय पासपोर्ट हासिल कर लिया। इतना ही नहीं, इसी पासपोर्ट का इस्तेमाल कर वह फरवरी 2026 में दुबई भी चला गया था। विदेश से वापस लौटने पर लखनऊ एयरपोर्ट पर इमिग्रेशन जांच के दौरान उसका फर्जीवाड़ा पकड़ में आ गया।

इमिग्रेशन अधिकारी नागेंदर कुमार सिंह की तहरीर पर थाना सरोजनीनगर में मुकदमा अपराध संख्या 410/2026 के तहत बीएनएस की धारा 337, 339, 340(2), पासपोर्ट अधिनियम की धारा 12(1)(ख) तथा आव्रजन एवं विदेशी अधिनियम 2025 की धारा 22 में मुकदमा दर्ज किया गया। इसके बाद सरोजनीनगर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

ऑनलाइन गैम्बलिंग के मुकदमे का भी किया जिक्र 

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह मूल रूप से नेपाल का निवासी है। उसके मुताबिक, ऑनलाइन गैम्बलिंग के कारण उसके विरुद्ध मुकदमा दर्ज हुआ था। इसके बाद उसने कथित तौर पर कूटरचित दस्तावेज तैयार कर भारतीय पते का आधार कार्ड और अन्य प्रपत्र बनवाए तथा भारतीय पासपोर्ट प्राप्त कर लिया। इसी पासपोर्ट से फरवरी 2026 में दुबई की यात्रा की थी।

पासपोर्ट, नेपाली पहचान पत्र सहित इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद 

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से कूटरचित भारतीय पासपोर्ट, नेपाली नागरिकता प्रमाण पत्र की छायाप्रति, नेपाली पैनकार्ड, तीन मोबाइल फोन, एक लैपटॉप और एक स्मार्टवॉच बरामद की है।

यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त तरुण गाबा और संयुक्त पुलिस आयुक्त (अपराध एवं मुख्यालय) अपर्णा कुमार के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई। पुलिस उपायुक्त दक्षिणी मो० मुश्ताक के निर्देशन, अपर पुलिस उपायुक्त दक्षिणी रल्लापल्ली वसंथ कुमार के पर्यवेक्षण तथा एसीपी कृष्णानगर लक्ष्मण वर्मा के मार्गदर्शन में कार्यवाहक निरीक्षक सरोजनीनगर अजय पाल सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने इमिग्रेशन टीम के साथ मिलकर कार्रवाई की।


 रिपोर्टर : राजेश वर्मा

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.