वैष्णो देवी यात्रा पर गया परिवार, पीछे से बंद मकान का ताला तोड़ नकदी और जेवरात चोरी
लखनऊ : आलमबाग कोतवाली क्षेत्र में चोरों ने एक बंद मकान को निशाना बनाकर नकदी और जेवरात चोरी कर लिए। घटना के समय मकान मालिक अपने परिवार के साथ माता वैष्णो देवी की यात्रा पर गए हुए थे। जानकारी के मुताबिक, छोटा बरहा की भीम नगर गली नंबर-4 निवासी शैलेन्द्र सिंह पुत्र शंकर बक्स सिंह 24 अक्टूबर की शाम परिवार के साथ वैष्णो देवी यात्रा पर गए थे। घर की देखभाल और पौधों में पानी डालने के लिए उन्होंने पड़ोसी अजय शुक्ला को मकान की चाबी दे रखी थी। 29 अक्टूबर की सुबह करीब छह बजे पड़ोसी ने मकान का मुख्य गेट खुला देखा। अंदर जाकर देखा तो दरवाजों के ताले टूटे हुए थे और अलमारी का सामान बिखरा पड़ा था। इसकी सूचना उन्होंने मकान मालिक को दी। पीड़ित के मुताबिक, घर की अलमारी के लॉकर में रखे जेवरात और करीब 60 हजार रुपये नकद गायब थे। यात्रा से लौटने के बाद उन्होंने आलमबाग कोतवाली में लिखित शिकायत दर्ज कराई। आलमबाग कोतवाली प्रभारी बृजेश त्रिपाठी ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। चोरों की तलाश में पुलिस टीम जुटी हुई है।
रिपोर्टर : राजेश वर्मा

No Previous Comments found.