सिपाही पति पर पत्नी ने लगाया मारपीट और उत्पीड़न का आरोप, कृष्णानगर पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा

लखनऊ :  राजधानी लखनऊ में पुलिस विभाग में तैनात एक कांस्टेबल पर उसकी पत्नी ने मारपीट और शारीरिक व मानसिक उत्पीड़न करने का आरोप लगाया है। पीड़िता की शिकायत पर कृष्णानगर पुलिस ने कांस्टेबल पति विजय रजक और सुप्रिया नाम की महिला के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के मुताबिक, पारा थाना क्षेत्र के राधेबाग रेजिडेंसी, सदरौना निवासी लक्ष्मी रजक का आरोप है कि उनके पति विजय रजक पुलिस विभाग में कांस्टेबल के पद पर तैनात हैं। वह आए दिन उनके साथ मारपीट और अभद्र व्यवहार करते हैं। हाल ही में रात के समय हुई मारपीट में उनकी आंख के नीचे चोट आई और नाक पर भी चोट लगी। पीड़िता का आरोप है कि पति उनका मोबाइल छीन लेते हैं और हाथ-पैर तोड़ने की धमकी देते हैं। इतना ही नहीं, उन्हें कमरे में बंद कर बाहर से ताला लगा देते हैं। घर का सामान और खाने-पीने की चीजें भी बंद कर देते हैं, जिससे उन्हें और उनके बच्चे को परेशानी होती है। पति पर मकान बेचने की धमकी देने का भी आरोप लगाया है।

लक्ष्मी रजक के मुताबिक, 27 सितंबर को कृष्णानगर थाने में दोनों के बीच सुलहनामा हुआ था, लेकिन इसके बावजूद पति का उत्पीड़न जारी है। उन्होंने सुप्रिया नाम की महिला से संबंधों को लेकर भी पति पर प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने अपनी और बच्चे की सुरक्षा को लेकर भी चिंता जताई है। कृष्णानगर कोतवाली प्रभारी पीके सिंह ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर गुरुवार को मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

 

 रिपोर्टर : राजेश वर्मा

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.