रोटी बनाने में देरी पर पति ने किचन में लगाया ताला, मारपीट कर पत्नी को घर से निकाला, मुकदमा दर्ज
लखनऊ : कृष्णानगर कोतवाली क्षेत्र में घरेलू विवाद का एक मामला सामने आया है। यहां एक विवाहिता ने अपने पति पर रोटी बनाने में देरी होने पर किचन में ताला लगाने, मारपीट करने और घर से बाहर निकालने का आरोप लगाया है। पीड़िता की शिकायत पर कृष्णानगर पुलिस ने पति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के मुताबिक, कानपुर रोड एलडीए कॉलोनी निवासी रेहाना खातून का विवाह 27 अप्रैल 2004 को जयप्रकाश नगर निवासी शकील उद्दीन के साथ हुआ था। पीड़िता का आरोप है कि पति आए दिन उसके साथ झगड़ा और मारपीट करता था। रेहाना के अनुसार, 15 फरवरी को पति नाइट ड्यूटी करके घर लौटे थे। उन्होंने पति को चाय दी। उस समय वह कपड़े धो रही थीं। पति ने रोटी बनाने को कहा तो उन्होंने दो-चार कपड़े धोने के बाद करीब 20 मिनट में खाना बनाने की बात कही। आरोप है कि जब वह कपड़े धोकर रोटी बनाने पहुंचीं तो पति ने किचन में ताला लगा दिया और कहा कि अब न खाना बनेगा और न ही वह खाना खाएंगी।
इस बात को लेकर विवाद बढ़ गया। पीड़िता का आरोप है कि पति ने उनके साथ मारपीट की और धक्के देकर घर से बाहर निकाल दिया। इसके बाद वह मायके चली गईं। कुछ समय बाद जब मायके पक्ष के लोग उन्हें लेकर ससुराल पहुंचे तो घर पर ताला लगा मिला।
पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि मार्च में पति के वकील के माध्यम से उन्हें नोटिस भेजा गया, जिसमें उन पर जेवर, कपड़े और रुपये चोरी करने तथा झगड़ा करने के आरोप लगाए गए। नोटिस में एक सप्ताह के भीतर ससुराल नहीं लौटने पर कानूनी कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई थी।
रेहाना का कहना है कि शादी के करीब 20 वर्षों के दौरान घर की अलमारी, कमरों और किचन की चाबियां पति के पास ही रहती थीं। उन्होंने पति पर दो दिन तक भूखा रखने और मारपीट कर घर से निकालने का आरोप लगाते हुए कृष्णानगर कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई है। कृष्णानगर कोतवाली प्रभारी पीके सिंह ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच कर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्टर : राजेश वर्मा

No Previous Comments found.