सरदार पटेल की जयंती पर लोकबंधु अस्पताल में सेवा और समर्पण की मिसाल, मरीजों को बांटे फल
लखनऊ : लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती एवं राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर लोकबंधु श्री राज नारायण संयुक्त चिकित्सालय, लखनऊ में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी लखनऊ डॉ० एन० बी० सिंह सहित चिकित्सालय के वरिष्ठ अधिकारियों ने अस्पताल में भर्ती मरीजों को फल वितरित कर उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। इस पहल के जरिए राष्ट्रीय एकता के साथ मानव सेवा और सामाजिक सरोकारों का संदेश भी दिया गया।
कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा अधिकारी, लखनऊ डॉ० एन०बी० सिंह, चिकित्सालय के निदेशक एवं प्रमुख अधीक्षक डॉ० विवेक गुप्ता, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ० अमिताभ श्रीवास्तव तथा चिकित्सा अधीक्षक डॉ० विनय वर्मा ने मरीजों के बीच पहुंचकर उन्हें फल वितरित किए। अधिकारियों ने मरीजों का हालचाल जाना और उनके जल्द स्वस्थ होकर घर लौटने की कामना की।
इस अवसर पर सरदार वल्लभभाई पटेल के व्यक्तित्व एवं कृतित्व को याद करते हुए देश की एकता, अखंडता और राष्ट्र निर्माण में उनके ऐतिहासिक योगदान पर प्रकाश डाला गया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी लखनऊ डॉ० एन०बी० सिंह ने कहा कि सरदार पटेल ने अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति और दूरदर्शी नेतृत्व से देश को एकता के सूत्र में पिरोने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनका जीवन और राष्ट्र के प्रति समर्पण आज भी सभी के लिए प्रेरणास्रोत है।
कार्यक्रम के समापन पर चिकित्सालय के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने राष्ट्रीय एकता, अखंडता और सामाजिक समरसता को बनाए रखने के साथ-साथ मानव सेवा के मूल्यों को आत्मसात करने का संकल्प लिया।
लोकबंधु अस्पताल में आयोजित यह कार्यक्रम राष्ट्रीय एकता के संदेश के साथ मरीजों के प्रति संवेदना, सहयोग और सेवा भाव की एक सराहनीय पहल के रूप में सामने आया।
रिपोर्टर : राजेश वर्मा

No Previous Comments found.