भतीजी से अश्लील हरकत का विरोध करने पर दबंगों का हमला, छत से बरसाईं ईंटें; गाड़ियां क्षतिग्रस्त

लखनऊ : राजधानी के आलमबाग थाना क्षेत्र में युवती से अश्लील इशारे और छेड़छाड़ का विरोध करना एक परिवार को भारी पड़ गया। आरोप है कि विरोध से नाराज दबंग पड़ोसी अपने दो साथियों के साथ छत पर चढ़ गया और नीचे खड़े परिवार के लोगों पर जानलेवा हमला करने की नीयत से ईंटें बरसाने लगा। इस दौरान घर के बाहर खड़ी गाड़ियां क्षतिग्रस्त हो गईं, जबकि ईंटों की बारिश देखकर युवती बेहोश हो गई। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया।

मामला आलमबाग कोतवाली क्षेत्र के आरती नगर, गढ़ी कनौरा का है। पीड़ित के मुताबिक, बीती 25 अक्टूबर की रात करीब 10 बजे पड़ोस में रहने वाला राम कुमार तिवारी पुत्र विजय तिवारी उनकी भतीजी को अश्लील इशारे कर घूर रहा था और अभद्र बातें कह रहा था। युवती ने विरोध करते हुए शोर मचाया तो आसपास के लोग जुटने लगे। आरोप है कि इसके बाद राम कुमार तिवारी अपने दो अन्य साथियों के साथ छत पर चढ़ गया और वहां से नीचे मौजूद लोगों पर ईंटें फेंकने लगा।

अचानक हुए इस हमले में घर के बाहर खड़ी गाड़ियां क्षतिग्रस्त हो गईं। ईंटें गिरती देख युवती दहशत में बेहोश हो गई। परिवार की चीख-पुकार सुनकर मोहल्ले के लोगों और राहगीरों के पहुंचने पर आरोपियों ने कथित तौर पर गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और घर के अंदर चले गए।

पीड़ित ने अपनी शिकायत में मुख्य आरोपी पर आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त होने और उसके खिलाफ लूट, चोरी, डकैती तथा गंभीर चोट पहुंचाने जैसे मुकदमे विचाराधीन होने का आरोप भी लगाया है। पीड़ित का कहना है कि आरोपियों की दबंगई से मोहल्ले के लोग परेशान हैं और कुछ लोगों का संरक्षण मिलने के कारण उनके हौसले बुलंद हैं।

मामले में पीड़ित ने आलमबाग कोतवाली में नामजद लिखित शिकायत दी है। कोतवाली प्रभारी बृजेश त्रिपाठी ने बताया कि शिकायत के आधार पर छेड़छाड़, हत्या के प्रयास, गाली-गलौज और धमकी समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।


 रिपोर्टर : राजेश वर्मा

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.