लखनऊ में बिजली तार लूटने वाले अंतर्राज्यीय गैंग का भंडाफोड़, 30 लाख का माल बरामद; 6 शातिर गिरफ्तार

 लखनऊ :  राजधानी लखनऊ में निर्माणाधीन इमारतों और बंद भवनों को निशाना बनाकर बिजली के तार लूटने वाले अंतर्राज्यीय गैंग का सरोजनीनगर पुलिस और सर्विलांस सेल की संयुक्त टीम ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गैंग के छह शातिर सदस्यों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब 30 लाख रुपये कीमत के 50 बंडल विद्युत तार, 69 हजार रुपये नकद और वारदात में इस्तेमाल दो चार पहिया वाहन बरामद किए हैं। बरामद दोनों वाहनों की अनुमानित कीमत करीब 15 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस की इस कार्रवाई से लखनऊ सहित आसपास के जिलों में सक्रिय तार लूट गिरोह का नेटवर्क सामने आया है।

पुलिस के मुताबिक, बीते 28 अक्टूबर को विकास अवस्थी निवासी नरहरपुर, सैदापुर थाना सैरपुर ने सरोजनीनगर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि 26 अक्टूबर की रात दरोगाखेड़ा स्थित निर्माणाधीन उदा देवी महिला बटालियन के स्टोर रूम का ताला तोड़कर अज्ञात बदमाश 50 कार्टून बिजली के तार लूट ले गए। वारदात के दौरान बदमाशों ने सुरक्षा में तैनात गनमैन और उसके साथी को भयभीत कर बंधक बना लिया था। इसके बाद गोदाम का ताला तोड़कर तार दो चार पहिया वाहनों में लादकर फरार हो गए थे।

घटना को गंभीरता से लेते हुए डीसीपी दक्षिणी मो० मुश्ताक के निर्देशन में 6 पुलिस टीमों का गठन किया गया।सर्विलांस सेल को भी जांच में लगाया गया। पुलिस टीमों ने घटनास्थल और संभावित रास्तों पर लगे करीब 120 से 150 CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। तकनीकी साक्ष्यों, मैनुअल इंटेलिजेंस और स्थानीय सूचना तंत्र की मदद से पुलिस ने आज 31 अक्टूबर को छह आरोपियों मनीष सिंह उर्फ मनीष सिसौदिया, राहुल सिंह उर्फ बड्डा, वकील, महताब, अतुल सिंह और कुलदीप सिंह को गिरफ्तार कर लिया।

मजदूर और इलेक्ट्रिशियन बनकर करते थे रेकी, फिर देते थे वारदात को अंजाम 

पुलिस की गिरफ्त में आए शातिर अलग-अलग जिलों में निर्माणाधीन और निर्मित भवनों में बिजली-मिस्त्री तथा मजदूरी का काम करते थे। इसी दौरान वे सुनसान भवनों और बंद परिसरों की रेकी कर लेते थे। मौका देखकर योजनाबद्ध तरीके से वारदात को अंजाम देते थे। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने दरोगाखेड़ा में वारदात के दौरान सुरक्षा गार्ड और उसके साथी को बंधक बनाकर धमकाया तथा स्टोर रूम से बिजली के तार लूट लिए थे।

आरोपियों ने चोरी के कुछ बंडल अपने एक अन्य साथी के जरिए ठिकाने लगा दिए थे, जबकि बाकी तार एक खंडहर में छिपाकर रखे गए थे। चोरी का माल बेचने के लिए वकील और महताब को बुलाया गया था। पुलिस ने इसी दौरान गैंग के छह सदस्यों को दबोच लिया। पूछताछ में आरोपियों ने गोसाईंगंज और सुशांत गोल्फ सिटी थाना क्षेत्रों में भी बिजली के तार चोरी की घटनाओं में शामिल होने की बात बताई है।

आगरा से गाजियाबाद तक फैला है आरोपियों का नेटवर्क 

गिरफ्तार आरोपियों में मनीष, राहुल, अतुल और कुलदीप आगरा जनपद के निवासी हैं, जबकि वकील और महताब गाजियाबाद क्षेत्र के रहने वाले हैं। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में कई के खिलाफ पहले से आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। मनीष के खिलाफ मथुरा, गौतमबुद्धनगर और गुरुग्राम में लूट, आर्म्स एक्ट और चोरी से संबंधित मुकदमे दर्ज हैं। वहीं वकील के खिलाफ विद्युत अधिनियम के तहत मामले दर्ज हैं। अन्य आरोपियों का भी आपराधिक इतिहास सामने आया है।

दो वारदातों का खुलासा, अन्य साथियों की तलाश जारी 

पुलिस ने सरोजनीनगर के मुकदमा संख्या 409/2026 के अलावा गोसाईंगंज थाने में दर्ज मुकदमा संख्या 347/2026 का भी अनावरण किया है। बरामदगी में 50 बंडल विद्युत तार, 69 हजार रुपये नकद, हुंडई ऑरा कार और वैगनआर कार शामिल हैं। पुलिस अन्य फरार साथियों की तलाश में जुटी है।

पुलिस आयुक्त तरुण गाबा और संयुक्त पुलिस आयुक्त (अपराध एवं मुख्यालय) अपर्णा कुमार के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत हुई इस कार्रवाई में डीसीपी दक्षिणी मो० मुश्ताक के निर्देशन, एडीसीपी दक्षिणी रल्लापल्ली वसंथ कुमार के पर्यवेक्षण और एसीपी कृष्णानगर लक्ष्मण वर्मा के मार्गदर्शन में प्रभारी निरीक्षक सरोजनीनगर राजदेव राम प्रजापति के नेतृत्व वाली टीम तथा दक्षिणी जोन की सर्विलांस टीम शामिल रही।

पुलिस कमिश्नरेट की ओर से सफल अनावरण करने वाली पुलिस टीमों को प्रशस्ति पत्र और 25 हजार रुपये के नकद पुरस्कार से सम्मानित किया गया है।

 

 रिपोर्टर - विशाल कुमार चौधरी

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.