दूध में नशीला पदार्थ मिलाकर वृद्धा की हत्या, मेड निकली मास्टरमाइंड! तीन आरोपी गिरफ्तार, नाबालिग भी अभिरक्षा में
लखनऊ : राजधानी के आशियाना थाना क्षेत्र में वृद्ध महिला नीरा गुप्ता की हत्या और घर में हुई लाखों की चोरी की सनसनीखेज वारदात का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस के मुताबिक, घर में मेड का काम करने वाली नाबालिग बालिका ने अपने तीन साथियों के साथ मिलकर लालच में हत्या और चोरी की खौफनाक साजिश रची थी। आरोपियों ने पहले वृद्धा के दूध में नशीला पदार्थ मिलाकर उन्हें पिला दिया और फिर चोरी के इरादे से घर में दाखिल हुए। इस दौरान वृद्धा के जागने और विरोध करने पर उनका तकिये से मुंह दबाया गया, गला घोंटा गया और सिर के पिछले हिस्से पर लोहे के मूसल से वार कर उनकी हत्या कर दी गई। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार करने के साथ एक विधि का उल्लंघन करने वाली बालिका को अभिरक्षा में लिया है। उनकी निशानदेही पर चोरी का नकदी, जेवरात, कीमती सामान और महत्वपूर्ण दस्तावेज भी बरामद किए गए हैं।
मामला आशियाना थाना क्षेत्र के सेक्टर-K स्थित मकान संख्या 772 का है। यहां स्वर्गीय हरि रतन गुप्ता की पत्नी नीरा गुप्ता रहती थीं। बीती 27 अक्टूबर को घर में उनकी हत्या कर नकदी, जेवरात और अन्य कीमती सामान चोरी कर लिया गया था। घटना की सूचना मिलते ही आशियाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। वारदात की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीमों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली।
मेड ने ही रची थी हत्या और चोरी की साजिश
पुलिस की विवेचना और पूछताछ में सामने आया कि वृद्धा के घर पर मेड का काम करने वाली विधि का उल्लंघन करने वाली बालिका ने अपने साथियों रवि प्रकाश रावत, मोनी रावत और सरिता रावत के साथ मिलकर चोरी की योजना बनाई थी। पुलिस के अनुसार, वारदात से पहले वृद्धा के दूध में नशीला पदार्थ मिलाकर उन्हें पिलाया गया था, ताकि वह विरोध न कर सकें।
योजना के मुताबिक, घटना वाली रात सरिता रावत घर के बाहर निगरानी करने के लिए खड़ी हो गई, जबकि रवि प्रकाश रावत, मोनी रावत और नाबालिग बालिका हाथों में दस्ताने पहनकर घर के अंदर दाखिल हुए। आरोपी चोरी कर रहे थे, तभी वृद्धा की नींद खुल गई और उन्होंने विरोध किया। इसके बाद आरोपियों ने उनकी हत्या कर दी। पुलिस के अनुसार, रवि प्रकाश ने तकिये से उनका मुंह दबाया, जबकि मोनी और नाबालिग ने गला दबाया। इसी दौरान नाबालिग ने मसाला कूटने वाले लोहे के खल/मूसल से वृद्धा के सिर के पिछले हिस्से पर वार कर दिया, जिससे उनकी मौत हो गई।
नकदी से लेकर पासपोर्ट तक समेट ले गए थे आरोपी
हत्या के बाद आरोपी घर में रखी नकदी, सोने-चांदी के आभूषण, कीमती सामान और अन्य वस्तुएं लेकर फरार हो गए थे। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर 38,318 रुपये नकद, पीली धातु के 18 सिक्के, सफेद धातु के 23 सिक्के और तांबे के चार सिक्के बरामद किए हैं। इसके अलावा सोने का हार, कंगन, चेन, अंगूठियां, नथनी, पेंडेंट, करीब 20 ग्राम के पीली धातु के बिस्कुट, चांदी के आभूषण, बर्तन, धार्मिक सामग्री, कलाई घड़ी, बैग और सूटकेस सहित अन्य सामान बरामद हुआ है। मृतका का पासपोर्ट और गैस पासबुक समेत महत्वपूर्ण दस्तावेज भी पुलिस ने बरामद किए हैं।
तीन गिरफ्तार, नाबालिग बालिका भी अभिरक्षा में
पुलिस ने इस मामले में रवि प्रकाश रावत (20), मोनी रावत (20) और सरिता रावत (23) को गिरफ्तार किया है। तीनों लखनऊ और बाराबंकी के निवासी बताए गए हैं। वहीं घटना में शामिल विधि का उल्लंघन करने वाली एक बालिका को अभिरक्षा में लिया गया है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है, जबकि बालिका के संबंध में किशोर न्याय अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है।
आशियाना थाना प्रभारी निरीक्षक गजेन्द्र कुमार राय के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने इस हत्याकांड का खुलासा किया। टीम में उपनिरीक्षक शुभम मेहदियान, कुलभूषण सिंह, दिनेश कुमार, अग्रचारी यादव, महिला कांस्टेबल अल्का चौहान, कांस्टेबल पंकज कुमार और चालक कांस्टेबल पियूष कुमार शामिल रहे।
पुलिस के मुताबिक, मामले में मु0अ0सं0 0286/2026 के तहत बीएनएस की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस की इस कार्रवाई से वृद्धा की हत्या और चोरी की वारदात का खुलासा हो गया है। बरामद जेवरातों का कीमत 50 लाख के आसपास बताई जा रही है।
रिपोर्टर : राजेश वर्मा

No Previous Comments found.