प्रदेश कार्यसमिति में विशेष आमंत्रित सदस्य बनाए जाने के बाद अब मिली नई जिम्मेदारी
लखनऊ - भारतीय जनता पार्टी ने सीतापुर से विधान परिषद सदस्य एवं एसआर ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के चेयरमैन पवन सिंह चौहान को एक और महत्वपूर्ण संगठनात्मक जिम्मेदारी सौंपी है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने उन्हें पार्टी के शिक्षण संस्थान प्रकोष्ठ का प्रदेश संयोजक नियुक्त किया है। शनिवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय की ओर से जारी आधिकारिक सूची में पवन सिंह चौहान के नाम की घोषणा की गई। इससे पहले उन्हें भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति में विशेष आमंत्रित सदस्य के रूप में भी जिम्मेदारी दी गई थी। अब शिक्षण संस्थान प्रकोष्ठ की प्रदेश स्तरीय कमान सौंपे जाने से संगठन में उनकी भूमिका और व्यापक हुई है।
शिक्षा एवं सामाजिक क्षेत्र में लंबे समय से सक्रिय पवन सिंह चौहान एसआर ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस, लखनऊ के चेयरमैन हैं। वर्ष 2022 में वे सीतापुर स्थानीय प्राधिकारी निर्वाचन क्षेत्र से विधान परिषद सदस्य निर्वाचित हुए थे। शिक्षा, संस्कार और रोजगार को प्राथमिकता देने वाले चौहान का शैक्षणिक संस्थानों के संचालन और युवाओं से जुड़ी गतिविधियों का लंबा अनुभव रहा है। नई जिम्मेदारी के तहत वे प्रदेश में भाजपा के शिक्षण संस्थान प्रकोष्ठ की संगठनात्मक गतिविधियों और समन्वय का नेतृत्व करेंगे। प्रदेश कार्यसमिति में विशेष आमंत्रित सदस्य के बाद शिक्षण संस्थान प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक के रूप में उनकी नियुक्ति संगठन में उन्हें मिली एक और अहम जिम्मेदारी है।
रिपोर्टर - चौधरी मुकेश सिंह

No Previous Comments found.