ब्लाइंड मर्डर का खुलासा करने वाली आशियाना पुलिस का सम्मान

लखनऊ : आशियाना थाना क्षेत्र में वृद्धा नीरा गुप्ता की सनसनीखेज हत्या और लाखों की चोरी के ब्लाइंड मर्डर का सफल खुलासा करने वाली आशियाना पुलिस टीम को रविवार को क्षेत्रवासियों ने सम्मानित कर उनकी कार्यशैली की सराहना की। हत्याकांड की गुत्थी कम समय में सुलझाकर आरोपियों को गिरफ्तार करने पर आशियाना रेजिडेंट्स एसोसिएशन की ओर से थाना प्रभारी निरीक्षक गजेंद्र कुमार राय एवं उनकी टीम का माल्यार्पण कर अभिनंदन किया गया।

इस मौके पर पूर्व पार्षद कमलेश सिंह, आशियाना रेजिडेंट्स एसोसिएशन के अध्यक्ष रमाकांत पांडेय, महामंत्री एसी अग्निहोत्री, विश्व हिंदू परिषद के अखिलेश दीक्षित, आलोक, अनूप मिश्रा समेत बड़ी संख्या में क्षेत्रीय लोग मौजूद रहे। सभी ने पुलिस टीम की तत्परता और सूझबूझ की सराहना करते हुए इस कार्रवाई को सराहनीय बताया।

आशियाना रेजिडेंट्स एसोसिएशन के अध्यक्ष रमाकांत पांडेय ने कहा कि वृद्ध महिला की निर्मम हत्या की घटना से पूरा क्षेत्र स्तब्ध था। ऐसे संवेदनशील मामले का पुलिस ने बेहद कम समय में खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया, जिससे क्षेत्रवासियों ने राहत की सांस ली है। उन्होंने कहा कि इंस्पेक्टर गजेंद्र कुमार राय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने जिस सक्रियता और जिम्मेदारी के साथ काम किया, वह प्रशंसनीय है।

गौरतलब है कि आशियाना के सेक्टर-K स्थित मकान में 27 अक्टूबर को वृद्धा नीरा गुप्ता की हत्या कर नकदी और लाखों रुपये के जेवरात चोरी कर लिए गए थे। पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया और एक नाबालिग बालिका को अभिरक्षा में लिया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर नकदी, सोने-चांदी के आभूषण और अन्य कीमती सामान भी बरामद किया था। बरामद जेवरातों की कीमत करीब 50 लाख रुपये बताई गई है।

पुलिस के इस खुलासे के बाद क्षेत्रवासियों द्वारा किया गया सम्मान न केवल टीम के मनोबल को बढ़ाने वाला रहा, बल्कि पुलिस और आमजन के बीच विश्वास एवं सहयोग की मजबूत तस्वीर भी पेश करता नजर आया।

 रिपोर्टर : राजेश वर्मा

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.