जमीन विवाद में वीडियो बना रहे युवक पर जानलेवा हमला, चेन लूटी और मोबाइल तोड़ा

लखनऊ : कृष्णानगर कोतवाली क्षेत्र के कनौसी गांव में जमीन विवाद को लेकर वीडियो बना रहे युवक पर कथित रूप से दबंगों ने जानलेवा हमला कर दिया। पीड़ित ने आठ नामजद समेत 15-20 अज्ञात लोगों पर लाठी-डंडों और बेलचे से हमला करने, सोने की चेन लूटने, मोबाइल फोन तोड़ने और कंपनी की कार पर पथराव कर क्षतिग्रस्त करने का आरोप लगाया है। थाने और उच्चाधिकारियों के यहां शिकायत के बावजूद कार्रवाई न होने पर पीड़ित ने न्यायालय की शरण ली। कोर्ट के आदेश पर शनिवार को कृष्णानगर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मूल रूप से जगतखेड़ा, उत्तरेठिया, रायबरेली रोड, पीजीआई निवासी अमित सिंह नेगी पुत्र खड़क सिंह नेगी के मुताबिक वह कृष्णानगर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम कनौसी में आदर्श सामूहिक सहकारी कृषि समिति की जमीन की देखरेख करता है। आरोप है कि जमीन के खसरा संख्या 1990/6 के हिस्से को साबिर अली ने अपने सहयोगियों के साथ मिलकर कथित रूप से फर्जी तरीके से आरती सिंह को बेच दिया था। पीड़ित की शिकायत पर पांच जून को एलडीए ने मौके पर हुए अवैध निर्माण को सील कर दिया था।

अमित सिंह नेगी का आरोप है कि उसी दिन शाम करीब 5:45 बजे वह सील की गई जमीन की वीडियो बना रहा था। इसी दौरान साबिर अली पुत्र मल्लू निवासी सुभाषनगर कृष्णानगर, सादिक अली पुत्र साबिर अली, सादिक की पत्नी, विजय शुक्ला पुत्र आरएस शुक्ला निवासी पटेल नगर आलमबाग, आरती सिंह पत्नी प्रवीण सिंह, राजेंद्र यादव, आत्माराम यादव पुत्र देशराज यादव और सुमेर यादव पुत्र आत्माराम निवासी ग्राम गमरखेड़ा समेत 15-20 अज्ञात लोग एकजुट होकर मौके पर पहुंच गए।

पीड़ित के मुताबिक आरोपियों ने लाठी-डंडों और बेलचे से उस पर हमला कर दिया। इस दौरान साबिर अली ने उसका मोबाइल फोन छीनकर तोड़ दिया, जबकि सादिक अली पर सोने की चेन छीनने का आरोप लगाया है। किसी तरह जान बचाकर भागने पर आरोपियों ने कंपनी की कार संख्या यूपी 32 केएच 4719 पर पथराव कर उसे भी क्षतिग्रस्त कर दिया।

पीड़ित का कहना है कि घटना के बाद उसने आठ जून और चार अगस्त को संबंधित थाने सहित पुलिस के उच्चाधिकारियों से शिकायत की, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद उसने न्यायालय की शरण लेकर न्याय की गुहार लगाई। पीड़ित ने विपक्षियों पर दबंग और आपराधिक प्रवृत्ति का होने का आरोप लगाते हुए लगातार जान-माल की धमकी दिए जाने की भी बात कही है।

कृष्णानगर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक पीके सिंह ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर न्यायालय के आदेश के अनुपालन में शनिवार को मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।

 रिपोर्टर : राजेश वर्मा

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.