दहेज की मांग को लेकर विवाहिता का उत्पीड़न, जेवर गिरवी रखवाकर भी नहीं भरा ससुरालियों का मन
लखनऊ : राजधानी लखनऊ के कृष्णानगर कोतवाली क्षेत्र में दहेज उत्पीड़न का मामला सामने आया है। एक विवाहिता ने अपने पति समेत पांच ससुरालियों पर अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर आए दिन मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़िता का आरोप है कि ससुरालियों की मांग पूरी करने के लिए उसे अपने जेवर तक गिरवी रखने पड़े और मायके पक्ष से उधार लेकर रुपये देने पड़े। इसके बावजूद उसका उत्पीड़न बंद नहीं हुआ।
कृष्णानगर कोतवाली क्षेत्र के हरिओम नगर, मानस नगर निवासी पूर्णिमा यादव पत्नी पवन यादव के मुताबिक, उनके पति पवन यादव, ससुर राधेश्याम यादव, सास लीलावती यादव, जेठ ओमप्रकाश यादव और जेठानी रोशनी यादव अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर आए दिन उनके साथ मारपीट और गाली-गलौज करते हैं। विरोध करने पर आरोपी उन्हें जान से मारने और घर से निकालने की धमकी देते हैं।
पीड़िता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि घर का लोन चुकाने के लिए उन्होंने अपने जेवर गिरवी रखकर और मायके पक्ष से रुपये उधार लेकर ससुराल वालों को दिए। इतना ही नहीं, घर में लोन पर लगवाए गए इन्वर्टर की पूरी किस्त भी उन्होंने ही चुकाई। बिजली का बिल जमा करने के लिए भी उन्हें अपने भाई से रुपये उधार लेने पड़े।
लगातार हो रहे उत्पीड़न से परेशान होकर पूर्णिमा यादव ने स्थानीय कृष्णानगर कोतवाली पहुंचकर पति समेत पांच ससुरालियों के खिलाफ नामजद शिकायत दर्ज कराई।
कृष्णानगर कोतवाली प्रभारी पीके सिंह ने बताया कि पीड़िता की शिकायत पर सोमवार को पति समेत पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की जांच कर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्टर : राजेश वर्मा

No Previous Comments found.