फुटपाथ की दुकानों में घुसी बेकाबू कार, फल और चूड़ा-लाई की दुकानें उजड़ीं; बाइक सवार घायल

 लखनऊ : राजधानी लखनऊ के कृष्णानगर कोतवाली क्षेत्र में रविवार देर रात तेज रफ्तार अनियंत्रित कार ने फुटपाथ पर लगी दुकानों में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में फल और चूड़ा-लाई की दुकानें क्षतिग्रस्त हो गईं और दुकानों पर रखा सामान सड़क पर बिखर गया। इस दौरान कार की चपेट में आने से एक बाइक सवार भी घायल हो गया। हादसे के बाद कार चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया।

कृष्णानगर थाना क्षेत्र के भोला खेड़ा निवासी फुटपाथ दुकानदार विनोद गुप्ता पुत्र राम गुप्ता के मुताबिक, वह कृष्णानगर मेट्रो स्टेशन रोड से सहदेवीर मंदिर मार्ग पर फल की दुकान लगाते हैं। रविवार देर रात एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर उनकी दुकान में जा घुसी। कार ने पास में लगी चूड़ा-लाई की दुकान को भी जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में उनकी फल की दुकान का करीब 40 हजार रुपये का सामान और अन्य नुकसान हुआ है।

वहीं नवाबगंज, उन्नाव निवासी फतीम पुत्र सैजाद और सुखलाल बरिगवां, कृष्णानगर निवासी अरमान मौसीम पुत्र रहीस की चूड़ा-लाई की दुकान भी हादसे में क्षतिग्रस्त हो गई। दुकानदारों के मुताबिक, उनकी दुकान का करीब 20 हजार रुपये का नुकसान हुआ है।

दुकानदारों के अनुसार, हादसे के दौरान मानस नगर निवासी बाइक सवार अखिलेश तिवारी भी कार की चपेट में आ गए। टक्कर से उनकी बाइक क्षतिग्रस्त हो गई और वह चोटिल हो गए। उन्होंने एक निजी अस्पताल में उपचार कराया। पीड़ित दुकानदार ने मामले की लिखित शिकायत स्थानीय कृष्णानगर कोतवाली पुलिस से की है।

 रिपोर्टर : राजेश वर्मा

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.