रिटायर्ड कर्नल के घर से 28 हजार नकदी और सोने के जेवर गायब

लखनऊ : राजधानी लखनऊ के आशियाना थाना क्षेत्र में सेना से सेवानिवृत्त कर्नल के घर चोरी का मामला सामने आया है। रिटायर्ड कर्नल ने अपने घर में करीब सात वर्षों से काम कर रही घरेलू सहायिका पर नकदी और सोने के जेवर चोरी करने का आरोप लगाया है। पीड़ित की शिकायत पर आशियाना पुलिस ने नामजद मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

आशियाना थाना क्षेत्र के रवि खंड स्थित एल्डिको उद्यान प्रथम निवासी सेना से सेवानिवृत्त कर्नल एके जग्गी अपनी पत्नी साधना जग्गी के साथ रहते हैं। उनके मुताबिक, पूनम पुत्री प्रीतो हरि निवासी चंदरनगर, आलमबाग पिछले करीब सात वर्षों से उनके घर में हेल्पर का काम कर रही थी। वह पहले उनकी सास स्वर्गीय डॉ. शीला अरोड़ा के यहां भी काम करती थी।

कर्नल एके जग्गी के अनुसार, बीते 20 अक्टूबर को दशहरे वाले दिन रात करीब 10 बजे पूनम बिना किसी को कुछ बताए घर से चली गई। रात करीब 11 बजे उसके घर पर मौजूद न होने की जानकारी हुई तो उसकी काफी तलाश की गई, लेकिन उसका कहीं पता नहीं चला। उसका मोबाइल फोन भी बंद मिला।

काफी तलाश के बाद जब वह घर लौटे तो बेडरूम की दराज में रखी करीब 28 हजार रुपये की नकदी और उनकी पत्नी की सोने की दो चूड़ियां, एक सोने की चेन तथा दो अंगूठियां गायब मिलीं। इसके बाद उन्होंने पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी और स्थानीय आशियाना थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई।

आशियाना थाना प्रभारी गजेंद्र कुमार राय ने बताया कि पीड़ित सेवानिवृत्त कर्नल की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

रिपोर्टर : राजेश वर्मा

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.