बस सर्विस ऑफिस में घुसकर प्रबंधक और कर्मचारी पर हमला, भीड़ जुटी तो स्कूटी छोड़कर भागे आरोपी
लखनऊ : राजधानी लखनऊ के मानकनगर थाना क्षेत्र में एक बस सर्विस कार्यालय में घुसकर प्रबंधक और कर्मचारी के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। तीन आरोपियों ने पहले कर्मचारी को कार्यालय से बाहर बुलाकर गाली-गलौज और मारपीट की। बीच-बचाव करने पहुंचे प्रबंधक पर भी लाठी-डंडों और ईंट से हमला कर घायल कर दिया। इस दौरान आसपास के लोगों की भीड़ जुटने पर आरोपी अपनी स्कूटी मौके पर छोड़कर फरार हो गए। पीड़ित की शिकायत पर मानकनगर पुलिस ने तीन नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कृष्णानगर कोतवाली क्षेत्र के मानस नगर, नारायणपुरी निवासी वैभव जायसवाल पुत्र सत्येंद्र कुमार जायसवाल के मुताबिक, वह अवध नहरिया स्थित न्यू सिंह बस सर्विस में प्रबंधक हैं। आरोप है कि 31 अक्टूबर की रात करीब 11 बजे विनित, आशीष लाल और रजत नाम के तीन व्यक्ति उनके कार्यालय पहुंचे। आरोपियों ने उनके कर्मचारी गुरुप्रसाद को कार्यालय के बाहर बुलाया और गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी।
कर्मचारी को बचाने के लिए वैभव जायसवाल बीच-बचाव करने पहुंचे तो आरोपियों ने उन पर भी लाठी-डंडों और ईंट से हमला कर दिया, जिससे वह घायल हो गए। शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोग मौके पर जुटने लगे तो आरोपियों ने दोनों को जान से मारने की धमकी दी और अपनी स्कूटी संख्या UP 32 KV 4958 मौके पर छोड़कर भाग निकले।
घटना के बाद पीड़ित ने स्थानीय मानकनगर थाने पहुंचकर तीनों आरोपियों के खिलाफ नामजद लिखित शिकायत दी। मानकनगर थाना प्रभारी अजीत सिंह ने बताया कि पीड़ित की शिकायत के आधार पर गाली-गलौज, मारपीट और धमकी की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।
रिपोर्टर - राजेश वर्मा

No Previous Comments found.