हजरतगंज में भाजपा की ‘लोकतंत्र बचाओ–अराजकता हटाओ’ पदयात्रा, शिवराज सिंह चौहान ने किया नेतृत्व

लखनऊ :  राजधानी लखनऊ के हजरतगंज में मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी की ओर से ‘लोकतंत्र बचाओ–अराजकता हटाओ’ पदयात्रा का आयोजन किया गया। केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में निकली इस पदयात्रा में भाजपा के वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों और बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया। लोक भवन से सुबह करीब 10:30 बजे शुरू हुई पदयात्रा में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी और उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक भी प्रमुख रूप से मौजूद रहे।

पदयात्रा में पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ महिलाओं की भी उल्लेखनीय भागीदारी देखने को मिली। महिला मोर्चा अवध प्रांत की पूर्व मंत्री माया सिंह के नेतृत्व में बड़ी संख्या में महिलाएं पदयात्रा में शामिल हुईं। हाथों में पार्टी के झंडे और अभियान से जुड़े संदेशों के साथ कार्यकर्ताओं ने निर्धारित मार्ग पर मार्च किया।

भाजपा की ओर से आयोजित इस पदयात्रा का उद्देश्य ‘लोकतंत्र बचाओ–अराजकता हटाओ’ अभियान के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना रहा। केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान सहित पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी ने कार्यक्रम को राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण बना दिया।

वहीं, पदयात्रा और सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए राजधानी की यातायात व्यवस्था में व्यापक बदलाव किया गया। सुबह 10 बजे से कार्यक्रम समाप्त होने तक हजरतगंज, गोल्फ क्लब, 1090 चौराहा, बंदरियाबाग, कैंट और रॉयल होटल सहित करीब 22 मार्गों पर यातायात प्रभावित रहा। यातायात पुलिस ने वाहन चालकों की सुविधा और जाम से बचाव के लिए वैकल्पिक मार्गों से आवागमन की व्यवस्था लागू की।

पदयात्रा के चलते हजरतगंज और आसपास के प्रमुख मार्गों पर सुरक्षा व्यवस्था के साथ यातायात प्रबंधन भी पुलिस के लिए चुनौती बना रहा।


 रिपोर्टर :  उमेश विश्वकर्मा

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.