एल्डिको सिटी में बेसमेंट की मिट्टी ढहने से मजदूर की मौत, सुरक्षा इंतजामों की खुली पोल

लखनऊ - मोहनलालगंज क्षेत्र के खुजौली के पास निर्माणाधीन एल्डिको सिटी में मंगलवार को निर्माण कार्य के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया। बेसमेंट में काम कर रहे 40 वर्षीय मजदूर की मिट्टी के मलबे में दबकर मौत हो गई। मृतक की पहचान सीतापुर निवासी राजेश कुमार के रूप में हुई है। हादसे के बाद निर्माण स्थल पर अफरा-तफरी मच गई। साथी मजदूरों ने कड़ी मशक्कत के बाद मलबा हटाकर राजेश को बाहर निकाला और आनन-फानन में अस्पताल पहुंचाया, लेकिन उसकी जान नहीं बचाई जा सकी। वहीं, हादसे के बाद ठेकेदार के मौके से गायब होने की बात सामने आई है। घटना को लेकर साथी मजदूरों में भारी नाराजगी है।जानकारी के मुताबिक, मंगलवार को राजेश कुमार एल्डिको सिटी के निर्माणाधीन परिसर में बेसमेंट के अंदर शटरिंग खोलने का काम कर रहा था। इसी दौरान अचानक बेसमेंट की मिट्टी भरभराकर ढह गई। राजेश कुछ समझ पाता, इससे पहले ही वह मिट्टी और मलबे के नीचे दब गया। अचानक हुए हादसे से मौके पर मौजूद अन्य मजदूरों में चीख-पुकार मच गई। साथी श्रमिकों ने बिना समय गंवाए मिट्टी हटाने का काम शुरू किया और काफी मशक्कत के बाद राजेश को बाहर निकाला।

गंभीर हालत में मजदूर को तत्काल निजी अस्पताल ले जाया गया। वहां उसकी हालत नाजुक देखते हुए चिकित्सकों ने उसे सिविल अस्पताल रेफर कर दिया। परिजन और साथी मजदूर उसे लेकर सिविल अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। राजेश की मौत की खबर मिलते ही साथी मजदूरों में शोक के साथ आक्रोश फैल गया।हादसे के बाद निर्माण स्थल पर श्रमिकों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। साथी मजदूरों का आरोप है कि बेसमेंट में काम कराए जाने के दौरान पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम नहीं किए गए थे। श्रमिकों को जरूरी सुरक्षा उपकरण भी उपलब्ध नहीं कराए गए थे। मजदूरों का कहना है कि यदि निर्माण स्थल पर सुरक्षा मानकों का पालन किया गया होता और मिट्टी धंसने की आशंका को देखते हुए उचित इंतजाम किए गए होते तो शायद राजेश की जान बचाई जा सकती थी।मजदूरों में इस बात को लेकर भी नाराजगी है कि हादसा होने के बाद ठेकेदार मौके से गायब हो गया। श्रमिकों का सवाल है कि जब निर्माण कार्य के दौरान मजदूरों की सुरक्षा की जिम्मेदारी ठेकेदार और निर्माण प्रबंधन की होती है, तो बिना पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था के बेसमेंट में काम क्यों कराया जा रहा था? हादसे के बाद घायल मजदूर को अस्पताल पहुंचाने और उसके इलाज की जिम्मेदारी किसने उठाई, यह भी सवालों के घेरे में है।

रिपोर्टर - धीरज तिवारी 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.