बरिगवां में भीषण अग्निकांड से मचा हड़कंप, तीन दुकानें जलकर राख; 40 लाख रुपये से अधिक का नुकसान
लखनऊ : कृष्णानगर थाना क्षेत्र के बरिगवां स्थित श्री बड़े बालाजी मंदिर के बगल गुरुवार भोर में लगभग 2:30 बजे शॉर्ट सर्किट से लगी भीषण आग ने तीन दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और दुकानों में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। अचानक लगी आग से इलाके में अफरा-तफरी मच गई और दुकानदारों में हड़कंप मच गया।
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने कृष्णानगर पुलिस के सहयोग से कड़ी मशक्कत करते हुए आग पर काबू पाया। मौके पर कृष्णानगर थाना प्रभारी निरीक्षक पीके सिंह पुलिस टीम के साथ मौजूद रहे।
शिवाय ऑटो मोबाइल में सबसे ज्यादा तबाही
अग्निकांड में सबसे अधिक नुकसान शिवाय ऑटो मोबाइल की दुकान को हुआ। दुकान मालिक नितेश तुलानी ने बताया कि उनकी दुकान में दोपहिया वाहनों के बड़ी संख्या में स्पेयर पार्ट्स और एसेसरीज रखी थीं, जो आग की चपेट में आकर पूरी तरह जलकर खाक हो गईं। उन्होंने करीब 25 लाख रुपये के नुकसान का अनुमान जताया है।
बत्रा भोजनालय का फर्नीचर और इलेक्ट्रॉनिक सामान जला
वहीं, आग की चपेट में आने से बत्रा भोजनालय को भी भारी नुकसान हुआ। रेस्टोरेंट संचालक पुष्पेंद्र बत्रा के मुताबिक दुकान में रखे टीवी, सोफा, फर्नीचर, फ्रिज समेत अन्य सामान जलकर नष्ट हो गए। उन्होंने करीब 10 लाख रुपये के नुकसान की बात कही है।
डायमंड रेस्टोरेंट भी नहीं बचा
इसके अलावा दोनों दुकानों के बीच स्थित डायमंड रेस्टोरेंट भी आग की चपेट में आ गया। रेस्टोरेंट संचालक आशीष पटेल ने करीब पांच लाख रुपये का नुकसान होने की जानकारी दी।
तीनों दुकानदारों के मुताबिक अग्निकांड में कुल करीब 40 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। गनीमत रही कि दमकल विभाग और पुलिस की तत्परता से आग पर समय रहते काबू पा लिया गया। फिलहाल आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है।
रिपोर्टर : राजेश वर्मा

No Previous Comments found.