पत्रकार समाज की आवाज, उनके सम्मान से बढ़ता है लोकतंत्र का मान - हंसराज रावत

निगोहा/लखनऊ : पत्रकार समाज का आईना ही नहीं, बल्कि लोकतंत्र की आवाज और जनहित की लड़ाई का मजबूत माध्यम हैं। उनकी लेखनी में आम आदमी की पीड़ा, गांवों की समस्याएं और समाज की उम्मीदें झलकती हैं। पत्रकार विपरीत परिस्थितियों में भी निष्पक्षता और निर्भीकता के साथ अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए शासन-प्रशासन तक जनता की आवाज पहुंचाते हैं। पत्रकारों का सम्मान करना उनके सामाजिक योगदान और लोकतांत्रिक मूल्यों का सम्मान करना है। यह बातें बुधवार को निगोहा प्रेस क्लब कार्यालय में आयोजित मासिक बैठक के दौरान पहुंचे भाजपा जिला उपाध्यक्ष हंसराज रावत ने कहीं।मासिक बैठक में भाजपा जिला उपाध्यक्ष हंसराज रावत ने चार दर्जन से अधिक पत्रकारों के बीच पहुंचकर उनका सम्मान किया। उन्होंने पत्रकारों को अंगवस्त्र भेंट किए और मिष्ठान एवं उपहार देकर उनका उत्साहवर्धन किया। इस दौरान पत्रकारिता के सामाजिक दायित्वों, क्षेत्रीय समस्याओं और जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर भी चर्चा हुई। सम्मान समारोह के माध्यम से उन्होंने पत्रकारों के प्रति अपना सम्मान और आभार प्रकट किया।
भाजपा जिला उपाध्यक्ष हंसराज रावत ने कहा कि पत्रकारिता केवल खबरों को प्रकाशित करने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह समाज की वास्तविक तस्वीर सामने लाने और आमजन को न्याय दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। गांव की गलियों से लेकर शहरों की समस्याओं तक पत्रकार अपनी कलम के माध्यम से उन मुद्दों को उठाते हैं, जिनसे आम आदमी सीधे प्रभावित होता है। पत्रकारों की खबरें न केवल लोगों को जागरूक करती हैं, बल्कि जिम्मेदार अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को भी उनकी जिम्मेदारियों का एहसास कराती हैं।उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए स्वतंत्र, निष्पक्ष और निर्भीक पत्रकारिता बेहद जरूरी है। पत्रकार तमाम चुनौतियों के बीच जनहित को सर्वोपरि रखकर काम करते हैं। ऐसे में उनके योगदान को पहचानना और उन्हें सम्मान देना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि पत्रकारों की लेखनी में समाज को बदलने की ताकत होती है और उनकी आवाज को सम्मान मिलना चाहिए। निगोहा प्रेस क्लब के पत्रकारों के साथ यह आत्मीय मुलाकात उनके प्रति सम्मान प्रकट करने का एक छोटा सा प्रयास है।कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे प्रेस क्लब संरक्षक एवं वरिष्ठ पत्रकार मुकेश द्विवेदी ने कहा कि पत्रकारिता लोकतंत्र का मजबूत स्तंभ है। पत्रकार समाज की समस्याओं को सामने लाने के साथ ही आमजन और शासन-प्रशासन के बीच महत्वपूर्ण कड़ी का काम करते हैं। उन्होंने कहा कि निगोहा प्रेस क्लब का उद्देश्य पत्रकारों के बीच एकजुटता, आपसी सहयोग और संगठनात्मक मजबूती बनाए रखना है। पत्रकारों के सम्मान, अधिकारों और हितों की रक्षा के लिए संगठन निरंतर प्रयास करता रहेगा। उन्होंने भाजपा जिला उपाध्यक्ष हंसराज रावत द्वारा पत्रकारों के सम्मान में किए गए इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन पत्रकारों का मनोबल बढ़ाने के साथ सामाजिक सौहार्द और सकारात्मक संवाद को भी मजबूत करते हैं।वहीं, जिला मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार योगेंद्र तिवारी ने कहा कि पत्रकारिता की असली ताकत उसकी विश्वसनीयता और निष्पक्षता में निहित है। एक पत्रकार की कलम तभी प्रभावशाली होती है, जब वह बिना किसी दबाव और पक्षपात के समाज की वास्तविक समस्याओं को सामने रखती है। ग्रामीण पत्रकारिता का दायित्व और भी महत्वपूर्ण है, क्योंकि गांवों में सड़क, बिजली, पानी, स्वास्थ्य, शिक्षा, किसानों और युवाओं से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाने का काम स्थानीय पत्रकार ही करते हैं।उन्होंने कहा कि पत्रकारों को अपनी एकजुटता बनाए रखते हुए पत्रकारिता के मूल सिद्धांतों का पालन करना चाहिए। संगठन की मजबूती और आपसी सहयोग से पत्रकारों की आवाज को और अधिक प्रभावी बनाया जा सकता है। पत्रकारों का सम्मान उनके संघर्ष, समर्पण और जनसेवा के प्रति सम्मान है। उन्होंने भाजपा जिला उपाध्यक्ष हंसराज रावत का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पत्रकारों के बीच पहुंचकर उनका उत्साह बढ़ाना निश्चित रूप से सराहनीय पहल है।बैठक में प्रेस क्लब की संगठनात्मक गतिविधियों, आगामी कार्यक्रमों और क्षेत्र की जनसमस्याओं को प्रमुखता से उठाने को लेकर भी विचार-विमर्श किया गया। पत्रकारों ने संगठन की एकजुटता बनाए रखने और जनहित से जुड़े मुद्दों पर सामूहिक रूप से आवाज बुलंद करने का संकल्प लिया।इस अवसर पर प्रेस क्लब अध्यक्ष विमल सिंह, महामंत्री प्रदीप द्विवेदी, संरक्षक मुकेश द्विवेदी, जिला मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार योगेंद्र तिवारी, ललित दीक्षित सहित चार दर्जन से अधिक पत्रकार मौजूद रहे।

रिपोर्टर : धीरज 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.