68 वर्ष की उम्र में भी नहीं थमे कदम, मोहन सिंह आर्य ने एथलेटिक्स चैंपियनशिप में जीते तीन पदक

लखनऊ : 400 मीटर दौड़ में स्वर्ण, 10 हजार मीटर में रजत और 5 हजार मीटर दौड़ में कांस्य पदक किया अपने नाम उम्र महज एक संख्या है, यदि मन में कुछ कर गुजरने का जुनून और शरीर में मेहनत करने का जज्बा हो तो कोई भी मुकाम हासिल किया जा सकता है। इस कहावत को 68 वर्ष की उम्र में अंतरराष्ट्रीय एथलीट मोहन सिंह आर्य ने सच साबित कर दिखाया है। उन्होंने उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में आयोजित 34वीं उत्तर प्रदेश मास्टर्स एथलेटिक्स चैंपियनशिप-2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए तीन पदक जीतकर आगरा मंडल सहित अपने गृह जनपद हाथरस का नाम रोशन किया है।

लखनऊ विश्वविद्यालय के खेल मैदान पर 31 अक्टूबर से 1 नवंबर 2026 तक आयोजित इस दो दिवसीय राज्य स्तरीय प्रतियोगिता का शुभारंभ प्रदेश के उपमुख्यमंत्री  ब्रजेश पाठक ने मुख्य अतिथि के रूप में किया। प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न जनपदों से आए अनुभवी और प्रतिभाशाली मास्टर्स एथलीटों ने अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

इस चैंपियनशिप में आगरा मंडल का प्रतिनिधित्व करते हुए अंतरराष्ट्रीय एथलीट मोहन सिंह आर्य ने 68 वर्ष से अधिक आयु वर्ग में हिस्सा लिया। उन्होंने अपनी शानदार फिटनेस, अनुशासन और वर्षों के अनुभव का परिचय देते हुए 400 मीटर दौड़ में स्वर्ण पदक हासिल किया। वहीं 10,000 मीटर दौड़ में रजत पदक तथा 5,000 मीटर दौड़ में कांस्य पदक जीतकर प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।

तीन पदक जीतने की इस उपलब्धि से खेल प्रेमियों और क्षेत्रवासियों में खुशी की लहर है। मोहन सिंह आर्य मूल रूप से गांव मंस्या खुर्द, सादाबाद, जनपद हाथरस के निवासी हैं। वह भारत संचार निगम लिमिटेड (बीएसएनएल), आगरा में मुख्य लेखाधिकारी के पद पर अपनी सेवाएं देने के बाद सेवानिवृत्त हुए हैं। सरकारी सेवा से निवृत्ति के बाद भी उन्होंने खेलों के प्रति अपने जुनून को कम नहीं होने दिया और लगातार खेल गतिविधियों में सक्रिय रहकर एक प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया है।

सेवानिवृत्ति के बाद भी खेल के मैदान में कायम है जुनून

आमतौर पर 60 वर्ष की उम्र पार करने के बाद लोग शारीरिक गतिविधियों को सीमित कर देते हैं, लेकिन मोहन सिंह आर्य ने यह साबित किया है कि नियमित अभ्यास, संतुलित दिनचर्या और मजबूत इच्छाशक्ति के बल पर उम्र के इस पड़ाव पर भी खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया जा सकता है। 60 प्लस आयु वर्ग में तीन पदक हासिल करना उनकी मेहनत, समर्पण और खेल के प्रति अटूट लगाव का परिणाम है।

उनकी यह उपलब्धि न केवल बुजुर्गों बल्कि युवाओं के लिए भी प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने अपने प्रदर्शन के माध्यम से संदेश दिया है कि खेलों के लिए उम्र कोई बाधा नहीं होती। व्यक्ति को जीवन के हर पड़ाव पर अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहना चाहिए और नियमित रूप से किसी न किसी खेल अथवा शारीरिक गतिविधि को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाना चाहिए।

मोहन सिंह आर्य का कहना है कि खेल केवल पदक जीतने या प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेने तक सीमित नहीं हैं, बल्कि यह स्वस्थ जीवन, अनुशासन, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच का आधार भी हैं। अच्छे स्वास्थ्य और दीर्घायु के लिए प्रत्येक व्यक्ति को अपनी क्षमता के अनुसार खेलों में जरूर भाग लेना चाहिए।

मोहन सिंह आर्य की इस उपलब्धि ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि प्रतिभा और जुनून कभी उम्र के मोहताज नहीं होते। उनके तीन पदक आज उन सभी लोगों के लिए प्रेरणा हैं, जो उम्र बढ़ने के साथ अपने सपनों को पीछे छोड़ देते हैं। 68 वर्ष की उम्र में भी दौड़ के मैदान में उनकी शानदार मौजूदगी युवाओं को यह संदेश दे रही है कि  हौसले बुलंद हों तो जिंदगी की दौड़ में कोई भी उम्र कभी बाधा नहीं बन सकती।

रिपोर्टर : लखन यादव

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.