बस में नींद बनी मुसीबत! युवती के बैग से लाखों के सोने के जेवर गायब, कृष्णानगर में FIR दर्ज
लखनऊ : दिल्ली से लखनऊ आ रही ट्रैवलर बस में सफर के दौरान युवती के सोने का फायदा उठाकर शातिर चोरों ने उसके बैग से सोने के कीमती आभूषण पार कर दिए। युवती को चोरी की जानकारी लखनऊ पहुंचने पर बस से उतरने के बाद हुई। पीड़िता की तहरीर पर कृष्णानगर कोतवाली पुलिस ने अज्ञात चोर के खिलाफ चोरी की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक कानपुर नगर के हरजिंदर नगर (सफीपुर) निवासी ललिता कनौजिया (20) पुत्री अवधराम 25 अक्टूबर 2026 की रात करीब 11:30 बजे दिल्ली के अक्षरधाम से लखनऊ आने के लिए Zing Bus (MP 44 ZF 7746) में सवार हुई थीं। उन्हें बस में UD2 नंबर की शेयरिंग सीट मिली थी, जिस पर उनके साथ एक अन्य युवती भी बैठी हुई थी।
पीड़िता के अनुसार सफर के दौरान बस में खाना मिलने पर ललिता ने भोजन किया और इसके बाद सो गईं। इसी दौरान किसी शातिर ने उनके बैग को निशाना बना लिया और उसमें रखे सोने के जेवरात चोरी कर लिए। 26 अक्टूबर की सुबह करीब 6:30 बजे बस लखनऊ के कृष्णानगर स्थित नहरिया चौराहे पर पहुंची। बस से उतरने के बाद जब ललिता ने अपना बैग चेक किया तो उसमें रखे सोने के आभूषण गायब मिले। यह देखकर उनके होश उड़ गए।
पीड़िता के मुताबिक चोरी हुए आभूषणों में करीब 10 ग्राम की सोने की चेन, दो ग्राम की सोने की अंगूठी, तीन ग्राम के सोने के झुमके और एक सोने की नथ शामिल है। घटना के बाद पीड़िता ने कृष्णानगर थाने पहुंचकर पुलिस को लिखित शिकायत दी।
कृष्णानगर थाना प्रभारी निरीक्षक पीके सिंह ने बताया कि पीड़िता की शिकायत पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।पुलिस बस में सवार यात्रियों और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
रिपोर्टर : राजेश वर्मा

No Previous Comments found.