सोने के नाम पर सर्राफा कारोबारी को लगाया 3.08 लाख का चूना, नकली सिक्के थमाकर दो ठग फरार

लखनऊ : राजधानी में ठगों ने सर्राफा कारोबारियों को निशाना बनाने का नया तरीका अपनाया है। कृष्णानगर थाना क्षेत्र के सिंगारनगर स्थित एक ज्वेलरी शॉप पर पहुंचे दो शातिर नकली सोने के सिक्के थमाकर करीब 3.08 लाख रुपये कीमत के सोने के आभूषण लेकर चंपत हो गए। शुरुआत में असली सोने के सिक्के समझकर कारोबारी ने आरोपियों को दो सोने की चेन दे दीं, लेकिन सिक्कों को काटकर जांचने पर उनके भीतर दूसरी धातु निकली। ठगी का एहसास होते ही कारोबारी के होश उड़ गए। पीड़ित की तहरीर पर कृष्णानगर पुलिस ने दो अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस के मुताबिक, आलमबाग के सिंगारनगर अमरुदहीबाग निवासी विशाल कुमार पुत्र पवन कुमार की सिंगारनगर में 'श्री नाथ जी पवन ज्वेलर्स' के नाम से दुकान है। 17 अक्टूबर 2026 की शाम करीब 6:30 बजे दो अज्ञात व्यक्ति उनकी दुकान पर पहुंचे। दोनों ने अपने पास मौजूद 10-10 ग्राम वजन के दो सोने के सिक्के दिखाए और उनके बदले नए सोने के आभूषण लेने की इच्छा जताई। सिक्कों को सोने का बताकर आरोपियों ने कारोबारी का भरोसा जीत लिया।

इसके बाद कारोबारी ने सिक्कों के बदले आरोपियों को करीब 12.050 ग्राम और 12.250 ग्राम वजन की दो सोने की चेन दे दीं। दोनों चेन की कुल कीमत करीब 3,08,000 रुपये बताई गई है। सौदे के दौरान आरोपियों ने 11,500 रुपये अतिरिक्त रकम ऑनलाइन यूपीआई के माध्यम से भी भुगतान की।

 सिक्के काटते ही खुल गई ठगी की पोल 

कारोबारी को शुरुआत में सौदे पर कोई शक नहीं हुआ, लेकिन 20 अक्टूबर को जब उन्होंने सिक्कों को काटकर उनकी जांच की तो पूरा मामला पलट गया। सिक्कों के अंदर सोने के बजाय दूसरी सस्ती धातु भरी हुई थी। यानी शातिरों ने सोने की चमक और वजन का झांसा देकर कारोबारी को नकली सिक्के थमा दिए और लाखों रुपये के असली जेवर लेकर फरार हो गए।

ठगी का खुलासा होने के बाद पीड़ित ने कृष्णानगर थाने पहुंचकर पुलिस से शिकायत की। पुलिस ने 4 नवंबर 2026 को भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4) के तहत दो अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।

 सीसीटीवी फुटेज से शातिरों की तलाश 

कृष्णानगर थाना प्रभारी निरीक्षक पीके सिंह ने बताया कि मामले मे मुकद्मा दर्ज कर पुलिस दुकान और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही आरोपियों की पहचान करने में जुटी है। अब पुलिस के सामने चुनौती नकली सिक्कों के जरिए सर्राफा कारोबारी को लाखों की चपत लगाने वाले दोनों शातिरों तक पहुंचने की है।

रिपोर्टर : उमेश विश्वकर्मा

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.