उम्र छोटी, कारनामे बड़े! नाबालिग निकला शातिर बाइक चोर, छह मोटरसाइकिलों के साथ पकड़ा गया
लखनऊ - उम्र भले ही छोटी हो, लेकिन बाइक चोरी का खेल बड़ा था। राजधानी में मोटरसाइकिलें चोरी कर उन्हें ठिकाने लगाने की फिराक में घूम रहे एक नाबालिग को गुडंबा पुलिस ने धर दबोचा। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर एक-दो नहीं, बल्कि छह चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। बरामद बाइकों में महंगी यामाहा एमटी-15 से लेकर हीरो स्प्लेंडर, टीवीएस अपाचे और बजाज प्लेटिना तक शामिल हैं। पुलिस की इस कार्रवाई से गुडंबा और गोमतीनगर विस्तार में दर्ज वाहन चोरी के चार मुकदमों का खुलासा हुआ है।
पुलिस के मुताबिक, बुधवार को उपनिरीक्षक सौरव सिंह पुलिस टीम के साथ वाहन चोरी की घटनाओं में शामिल आरोपियों और चोरी के माल की तलाश में जुटे थे। इसी दौरान मुखबिर ने सूचना दी कि गोमतीनगर लॉन, सेक्टर-जे, जानकीपुरम की ओर जाने वाली सड़क पर एक किशोर काले रंग की यामाहा एमटी-15 के पास खड़ा है और चोरी की मोटरसाइकिलें बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहा है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी की और संदिग्ध बाल अपचारी को संरक्षण में ले लिया। पूछताछ में उसने लखनऊ के अलग-अलग इलाकों से मोटरसाइकिलें चोरी करने की बात बताई। उसकी निशानदेही पर खोया मंडी वाली रोड के पीछे एक मड़हे में पल्ली से ढककर छिपाई गई छह मोटरसाइकिलें बरामद कर ली गईं।
मड़हे में छिपा रखा था चोरी का पूरा जखीरा
पुलिस के मुताबिक, किशोर चोरी की मोटरसाइकिलें एक सुनसान स्थान पर छिपाकर रखता था और बाद में उन्हें बेचने की फिराक में ग्राहक तलाशता था। इस बार भी वह चोरी की बाइक बेचने के इरादे से निकला था, लेकिन पुलिस की घेराबंदी में फंस गया। बरामद मोटरसाइकिलों में एक यामाहा एमटी-15, तीन हीरो स्प्लेंडर प्लस, एक टीवीएस अपाचे और एक बजाज प्लेटिना शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, इनकी बरामदगी से गुडंबा के दो और गोमतीनगर विस्तार के दो वाहन चोरी के मुकदमों का अनावरण हुआ है।
चार मुकदमों से जुड़े तार, पुलिस कर रही पड़ताल
गुडंबा पुलिस ने बाल अपचारी के खिलाफ दर्ज मुकदमे में बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की है। पूरी कार्रवाई प्रभारी निरीक्षक अंजनी कुमार मिश्रा के नेतृत्व में उपनिरीक्षक सौरव सिंह, उपनिरीक्षक शिवशंकर और पुलिस टीम ने की। पुलिस अब बरामद मोटरसाइकिलों के आधार पर अन्य वाहन चोरी की घटनाओं से भी तार जोड़कर जांच कर रही है।
रिपोर्टर - उमेश विश्वकर्मा

No Previous Comments found.