चंदर नगर गेट पर कृष्ण-सुदामा की मित्रता का जीवंत मंचन
लखनऊ : दीपावली के पावन पर्व पर आलमबाग स्थित ऐतिहासिक चंदर नगर गेट भक्ति, आस्था और सांस्कृतिक उल्लास से सराबोर हो उठा। शुभ दीपावली के उपलक्ष्य में चंदर नगर व्यापार मंडल के अध्यक्ष पंडित सुमेश मिश्रा के नेतृत्व में आयोजित तीन दिवसीय सांस्कृतिक संध्या में कलाकारों ने भगवान श्रीकृष्ण और उनके परम मित्र सुदामा के निश्छल प्रेम, त्याग और अटूट मित्रता का भावपूर्ण मंचन कर दर्शकों को भावविभोर कर दिया। मंच पर साकार हुई कृष्ण-सुदामा की मित्रता की अलौकिक लीला को देखकर श्रद्धालु भक्ति रस में सराबोर हो उठे।
गुरुवार को आयोजित सांस्कृतिक संध्या में कृष्ण-सुदामा चरित्र का ऐसा मार्मिक चित्रण प्रस्तुत किया गया कि पंडाल तालियों और जयकारों से गूंज उठा। भगवान श्रीकृष्ण और सुदामा की मित्रता के प्रसंग ने उपस्थित लोगों को प्रेम, समर्पण और सच्ची मित्रता का संदेश दिया। इस मनमोहक प्रस्तुति का आनंद लेने के लिए बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी, व्यापारी और श्रद्धालु मौजूद रहे। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में लखनऊ व्यापार मंडल के अध्यक्ष अमरनाथ मिश्रा सहित अन्य कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
इस अवसर पर चंदर नगर व्यापार मंडल के अध्यक्ष पंडित सुमेश मिश्रा ने कहा कि क्षेत्र में सुख-शांति, समृद्धि और खुशहाली के साथ आम जनमानस एवं व्यापारी बंधुओं के जीवन में मंगलकामनाओं की कामना को लेकर व्यापार मंडल प्रतिवर्ष दीपावली के अवसर पर इस तरह के धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों का आयोजन करता है। इसका उद्देश्य केवल मनोरंजन नहीं, बल्कि भगवान के आदर्श चरित्र और उनकी लीलाओं के माध्यम से समाज में प्रेम, सद्भाव, भक्ति और संस्कारों की भावना को मजबूत करना भी है।
उन्होंने बताया कि इसी धार्मिक आयोजन की अगली कड़ी में शुक्रवार शाम पांच बजे भगवान श्रीराम की भव्य झांकी सजेगी। कलाकार अपनी मनोहारी प्रस्तुतियों के माध्यम से प्रभु श्रीराम की महिमा, मर्यादा, आदर्शों और पावन चरित्र का दर्शन कराएंगे। आयोजन को लेकर क्षेत्रवासियों एवं व्यापारियों में खासा उत्साह है। दीपोत्सव की रोशनी के बीच चंदर नगर गेट पर सजी यह सांस्कृतिक संध्या क्षेत्र में धार्मिक आस्था, सामाजिक एकता और भारतीय संस्कृति की अनुपम छटा बिखेर रही है।
रिपोर्टर : उमेश विश्वकर्मा

No Previous Comments found.