गुजरात के कारोबारी से लखनऊ में 1.23 करोड़ की लूट का सनसनीखेज खुलासा, वादी ही निकला मास्टरमाइंड!

लखनऊ :  राजधानी में गुजरात के कारोबारी से हुई करोड़ों रुपये की लूट की वारदात का आशियाना पुलिस और क्राइम टीम ने सनसनीखेज खुलासा किया है। चौंकाने वाली बात यह है कि जिस कारोबारी ने खुद को लूट का शिकार बताया था, पुलिस जांच में वही इस पूरी साजिश में शामिल निकला। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि गुजरात में दबिश देकर तीन अन्य सहअभियुक्तों को भी गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने कुल 1 करोड़ 23 लाख रुपये, वारदात में इस्तेमाल XUV कार, दो मोटरसाइकिल, तमंचा और कारतूस बरामद किए हैं।

पुलिस के मुताबिक, गुजरात के मेहसाणा जनपद के खेरालू थाना क्षेत्र निवासी प्रग्नेश कुमार अमृतलाल रजगोल ने 24 अक्टूबर 2026 को शिकायत दी थी कि वह अपने मालिक के रुपये लेकर क्रेटा कार से लखनऊ आया था। इसी दौरान दो मोटरसाइकिल सवार बदमाशों ने उसके रुपये लूट लिए। शिकायत के आधार पर 25 अक्टूबर को आशियाना थाने में मुकदमा संख्या 281/2026 दर्ज किया गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए आशियाना पुलिस और क्राइम टीम ने तीन अलग-अलग टीमें गठित कर लुटेरों की तलाश शुरू की। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने औरंगाबाद अंडरपास के पास घेराबंदी की। यहां दो अलग-अलग मोटरसाइकिलों से आते दिखे संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया गया तो वे भागने लगे, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर सुमित यादव उर्फ कल्लू (24) निवासी फिरोजाबाद और सत्यम (20) निवासी मैनपुरी को दबोच लिया।

तलाशी के दौरान इनके कब्जे से 59 लाख रुपये, सोने की मुहर, दो मोबाइल फोन और दो मोटरसाइकिल बरामद हुईं। इनमें एक हीरो स्प्लेंडर प्लस वारदात में इस्तेमाल की गई थी, जबकि एक पल्सर लूट की रकम से खरीदी गई थी।

 पूछताछ में खुला साजिश का राज 

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ में सामने आया कि वारदात की योजना बनाने में चिराग सिंह यादव निवासी फिरोजाबाद की भूमिका थी। वहीं गुजरात के जय कुमार पटेल और यश कुमार समेत शिकायतकर्ता प्रग्नेश कुमार भी इस साजिश में सहअभियुक्त के रूप में शामिल पाए गए। इसके बाद लखनऊ पुलिस की एक टीम गुजरात पहुंची और जय कुमार पटेल, यश कुमार तथा शिकायतकर्ता प्रग्नेश कुमार को गिरफ्तार किया। इनके कब्जे से 64 लाख रुपये और वारदात में इस्तेमाल XUV कार नंबर UP84Q5363 बरामद की गई।

इस तरह पुलिस ने कुल 1 करोड़ 23 लाख रुपये की बरामदगी की है। इसके अलावा वारदात में प्रयुक्त XUV कार, दो मोटरसाइकिल, एक तमंचा 315 बोर, दो जिंदा कारतूस, ओप्पो मोबाइल और लूट की रकम से खरीदा गया आईफोन भी बरामद किया गया है।

पुलिस ने मुकदमे में बरामदगी के आधार पर धाराओं में बढ़ोतरी करते हुए बीएनएस और आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। इस सनसनीखेज खुलासे में आशियाना थाना प्रभारी गजेंद्र कुमार राय और क्राइम टीम के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की अहम भूमिका रही।

 

 रिपोर्टर :  राजेश वर्मा

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.