मोहनलालगंज में दीपावली मिलन समारोह की रही धूम
मोहनलालगंज/लखनऊ : दीपावली के पावन पर्व पर मोहनलालगंज में सामाजिक एकता, आपसी सौहार्द और भाईचारे का संदेश देते हुए भव्य दीपावली मिलन एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में क्षेत्र पंचायत सदस्यों, ग्राम प्रधानों एवं पत्रकारों को उपहार भेंटकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और पत्रकारों की मौजूदगी ने आयोजन को खास बना दिया। पूरे समारोह में आपसी मेलजोल, सम्मान और एकजुटता का माहौल देखने को मिला।
विकासखंड मोहनलालगंज स्थित अटल बिहारी वाजपेयी सभागार में आयोजित इस समारोह का नेतृत्व ब्लॉक प्रमुख ओमप्रकाश शुक्ला बिंदेश्वरी ने किया। उन्होंने क्षेत्र के क्षेत्र पंचायत सदस्यों को आमंत्रित कर दीपावली की खुशियां साझा कीं। इस अवसर पर भाजपा अनुसूचित मोर्चा के प्रदेश महामंत्री डॉ. पुष्पेंद्र पासी ने अपने हाथों से क्षेत्र पंचायत सदस्यों को दीपावली के उपहार भेंटकर सम्मानित किया।
वहीं प्रधान संघ अध्यक्ष देवेंद्र कुमार सिंह की पहल पर क्षेत्र के ग्राम प्रधानों को भी समारोह में आमंत्रित किया गया। डॉ. पुष्पेंद्र पासी ने ग्राम प्रधानों को उपहार देकर सम्मानित किया। इसके साथ ही पत्रकारों को भी दीपावली की सौगात भेंटकर उनका सम्मान किया गया। आयोजन के माध्यम से जनप्रतिनिधियों और पत्रकारों के बीच आपसी संवाद, सहयोग और सौहार्द को बढ़ावा देने का संदेश दिया गया।
समारोह को संबोधित करते हुए डॉ. पुष्पेंद्र पासी ने कहा कि दीपावली का पर्व हमें आपसी प्रेम, सद्भाव, भाईचारे और सामाजिक समरसता के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है। यह त्योहार समाज के हर वर्ग को एक-दूसरे के करीब लाने और खुशियां साझा करने का अवसर प्रदान करता है। उन्होंने भाजपा सरकार की नीतियों, उपलब्धियों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं पर भी अपने विचार रखे।
इस दौरान ब्लॉक प्रमुख ओमप्रकाश शुक्ला बिंदेश्वरी ने मां विंध्यवासिनी की महिमा का विस्तार से वर्णन किया। उन्होंने माता रानी की कृपा और आशीर्वाद का स्मरण करते हुए श्रद्धापूर्वक जयकारे लगवाए। मां विंध्यवासिनी के जयकारों से पूरा सभागार भक्तिमय हो उठा। उपस्थित लोगों ने भी पूरे श्रद्धाभाव के साथ माता रानी का जयघोष किया।
समारोह में अभिषेक शुक्ला बिंदेश्वरी, मस्तीपुर प्रधान सूर्यकुमार द्विवेदी, गढ़ी महदौली प्रधान विपिन रावत, परसपुर ठुठा प्रधान मातादीन गौतम, भड़ी शीश प्रधान डॉ. सुरेश रावत, निगोहा प्रधान अभयकांत दीक्षित, छतौनी प्रधान दिलीप रावत, पहरिया प्रधान प्रभाकर द्विवेदी, भदेसवा प्रधान मोनू यादव, दयालपुर प्रधान शैलेन्द्र पाल, समेसी प्रधान अशोक रावत, विनोद साहू और मोनू साहू सहित तमाम जनप्रतिनिधि, पत्रकार एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।
समारोह के अंत में सभी ने एक-दूसरे को दीपावली की शुभकामनाएं दीं। साथ ही क्षेत्र में सामाजिक एकता, आपसी भाईचारे और विकास की गति को आगे बढ़ाने के लिए मिल-जुलकर कार्य करने का संकल्प लिया।
रिपोर्टर : धीरज तिवारी

No Previous Comments found.