जीरो पॉइंट पर मौत बनकर दौड़ी तेज रफ्तार बस, खाई में पलटने से 3 की मौत, 45 घायल

लखनऊ। राजधानी के पारा थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे के जीरो पॉइंट मोहन के पास भीषण सड़क हादसा हो गया। भिवाड़ी (राजस्थान) से बिहार के छपरा जा रही यात्रियों से भरी तेज रफ्तार बस अनियंत्रित होकर गहरी खाई में पलट गई। हादसे के समय बस में करीब 50 से 60 यात्री सवार थे। दुर्घटना में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि करीब 45 यात्री घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस, फायर ब्रिगेड, एसडीआरएफ और चिकित्सा विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और युद्धस्तर पर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।

छठ पूजा मनाने बिहार जा रहे थे यात्री

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बस संख्या BR 28 P 4332 रेवाड़ी (राजस्थान) से बिहार के छपरा जा रही थी। बस में सवार अधिकांश यात्री छठ पूजा और अन्य पारिवारिक कार्यों के सिलसिले में अपने गृह राज्य बिहार लौट रहे थे। बताया जा रहा है कि जीरो पॉइंट के पास मोड़ पर तेज रफ्तार के चलते चालक बस पर नियंत्रण खो बैठा और बस ओवरब्रिज के ऊपरी हिस्से से नीचे गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी।

MDRV की मदद से 35 मिनट में पूरा हुआ रेस्क्यू ऑपरेशन

हादसे की सूचना सुबह 7:08 बजे मिलते ही मुख्य अग्निशमन अधिकारी (CFO) लखनऊ अंकुश मित्तल के निर्देशन एवं नेतृत्व में उत्तर प्रदेश अग्नि एवं आपात सेवा की टीमें सक्रिय हो गईं। फायर स्टेशन आलमबाग से एक फायर टेंडर, सरोजनीनगर से रेस्क्यू व्हीकल और हजरतगंज से अत्याधुनिक मल्टी डिजास्टर रेस्क्यू व्हीकल (MDRV) तत्काल घटनास्थल पर पहुंचा। अग्निशमन प्रभारी आलमबाग सुमित प्रताप सिंह के नेतृत्व में अग्निशमन कर्मियों ने स्थानीय पुलिस के साथ बचाव अभियान शुरू किया। बस के भीतर फंसे यात्रियों को बाहर निकालने के लिए MDRV के अत्याधुनिक उपकरणों का इस्तेमाल किया गया। टीम ने अदम्य साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए एक छोटे बच्चे समेत 15 से 16 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला। सभी बचाव इकाइयों के बेहतर समन्वय से महज 35 मिनट में रेस्क्यू ऑपरेशन पूरा कर लिया गया। गंभीर रूप से घायल यात्रियों को एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया गया।

KGMU और लोकबंधु अस्पताल में चल रहा घायलों का इलाज

हादसे में घायल यात्रियों को प्राथमिक उपचार के बाद अलग-अलग अस्पतालों में भेजा गया। गंभीर रूप से घायलों को केजीएमयू ट्रॉमा सेंटर और लोकबंधु अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यहां विशेषज्ञ चिकित्सकों की देखरेख में उनका उपचार जारी है।

12 घायलों और एक मृतक की हुई पहचान

प्रशासन की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक, अब तक 12 घायलों और एक मृतक की पहचान हो चुकी है। घायलों में वैशाली की चांदनी और उनकी दो वर्षीय बेटी आरोही, तीन वर्षीय संध्या, गोपालगंज के बलविंदर (45), जगदीश राम (47), औरंगाबाद के पप्पू तिवारी (19), छपरा के रामविलास (50), आजमगढ़ के अभिषेक (26) और देवलाश (39), महाराजगंज के श्यामदेव (24) तथा देवरिया के साहिल निषाद और योगी शामिल हैं। वहीं मृतक की पहचान बिहार के बेगूसराय जिले के गरहारा निवासी शंकर रजक (63) के रूप में हुई है। बाकी घायलों एवं अन्य मृतकों की पहचान की जा रही है।

जिलाधिकारी ने संभाली राहत कार्यों की निगरानी

जिलाधिकारी विशाख ने बताया कि आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे के जीरो पॉइंट पर बस पलटने की सूचना मिलते ही पुलिस, फायर सर्विस, चिकित्सा विभाग और राजस्व विभाग समेत सभी आपातकालीन एजेंसियों को मौके पर भेजा गया। सभी विभागों ने समन्वय बनाकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। अब तक करीब 45 लोगों के घायल होने की सूचना है। घायलों को प्राथमिक चिकित्सा उपलब्ध कराई जा रही है, जबकि गंभीर रूप से चोटिल यात्रियों का केजीएमयू ट्रॉमा सेंटर में विशेषज्ञ चिकित्सकों की देखरेख में इलाज चल रहा है। जिलाधिकारी ने हादसे में तीन लोगों की मौत की भी पुष्टि की है। भीषण हादसे के बाद एक्सप्रेसवे पर सुरक्षा और तेज रफ्तार वाहनों की निगरानी को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.