एटीएम तोड़कर कैश उड़ाने की कोशिश करने वाला शातिर गांजे के साथ गिरफ्तार

लखनऊ :  आशियाना थाना क्षेत्र में स्टेट बैंक के एटीएम को तोड़कर नकदी चोरी करने का प्रयास करने वाले शातिर आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एटीएम तोड़ने के उपकरण, एटीएम का कीबोर्ड, कैमरा, तार और एक किलो 100 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ लखनऊ समेत उन्नाव के विभिन्न थानों में चोरी और अन्य आपराधिक मामलों के मुकदमे दर्ज हैं।

आशियाना थाना प्रभारी गजेंद्र कुमार राय ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान रोशन सिंह पुत्र स्वर्गीय प्रमोद कुमार उर्फ अभय सिंह के रूप में हुई है। वह मूल रूप से ग्राम चपला, हुसैनाबाद, पलामू (झारखंड) का निवासी है और वर्तमान में कैलाश विहार, अमौसी स्थित मनोज ठाकुर के किराये के मकान में रह रहा था।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने बीते मंगलवार रात आशियाना थाना क्षेत्र के सेक्टर-एन स्थित स्टेट बैंक के एटीएम को तोड़कर नकदी चोरी करने का प्रयास किया था। घटना के बाद पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी। बुधवार रात गश्त के दौरान पुलिस टीम ने उसे गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से एटीएम तोड़ने के उपकरणों के साथ एटीएम का कीबोर्ड, कैमरा, तार और 1 किलो 100 ग्राम गांजा बरामद हुआ।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ सरोजनीनगर, पारा, सोहरामऊ और उन्नाव के विभिन्न थानों सहित आशियाना थाने में चोरी समेत अन्य धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। आरोपी पूर्व में भी जेल जा चुका है।

थाना प्रभारी गजेंद्र कुमार राय ने बताया कि बरामदगी के आधार पर आरोपी के खिलाफ दर्ज मुकदमे में एनडीपीएस एक्ट और बीएनएस की संबंधित धाराओं की बढ़ोतरी कर उसे न्यायालय के समक्ष पेश कर जेल भेज दिया गया है।

 

 रिपोर्टर : राजेश वर्मा

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.