सिगरेट को लेकर हुए विवाद में हिस्ट्रीशटर की हत्या, 24 घंटे में आरोपी को मानकनगर पुलिस ने किया गिरफ्तार।
लखनऊ : राजधानी के मानकनगर थाना क्षेत्र में हिस्ट्रीशीटर रमाशंकर उर्फ छोटू उर्फ कालिया की हत्या के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। शुरुआती तौर पर शराब पार्टी के दौरान सिगरेट मांगने को लेकर शुरू हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। आरोप है कि विवाद के दौरान आरोपी ने पाइप और अध्धे से रमाशंकर के सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिए, जिससे वह जमीन पर गिर पड़े। खुद को हत्या का आरोपी मानते हुए वह मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर बुधवार को आरोपी को गिरफ्तार कर विधिक कार्यवाही के तहत जेल भेज दिया।
पुलिस के मुताबिक, 10 नवंबर को मृतक के बेटे आशू पुत्र रमाशंकर निवासी रामनगर, मंगलखेड़ा आलमबाग ने मानकनगर थाने में तहरीर देकर अपने पिता की हत्या की शिकायत दर्ज कराई थी। तहरीर के अनुसार, 9 नवंबर की रात घर की छत पर पार्टी के दौरान वीरेश बहादुर सिंह उर्फ किंकी राजपूत ने उनके पिता के साथ मारपीट कर हत्या कर दी थी। इस मामले में पुलिस ने मु0अ0सं0 69/2026 के तहत धारा 103(1) बीएनएस और एससी/एसटी एक्ट की धारा 3(2)(V) में मुकदमा दर्ज किया था।
सहायक पुलिस आयुक्त कैंट के पर्यवेक्षण में मानकनगर पुलिस ने जांच और आरोपी की तलाश शुरू की। इसी दौरान 11 नवंबर को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने रामनगर स्थित स्लीपर ग्राउंड से 26 वर्षीय वीरेश बहादुर सिंह उर्फ किंकी पुत्र विजय बहादुर सिंह को गिरफ्तार कर लिया।
सिगरेट मांगने पर शुरू हुआ विवाद
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह शाम करीब छह से सात बजे के बीच मोहल्ले में रहने वाले रमाशंकर के घर गया था। वहां शराब के नशे में रमाशंकर अचानक उत्तेजित होने लगे और उससे सिगरेट मांगी। आरोपी के मुताबिक, सिगरेट नहीं होने की बात कहने पर रमाशंकर नाराज हो गए और गाली-गलौज करते हुए उसके सिर पर अध्धे से वार कर दिया। इसके बाद आरोपी ने भी पाइप और अध्धे से रमाशंकर के सिर पर हमला कर दिया। हमले में रमाशंकर जमीन पर गिर पड़े। आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसे लगा कि रमाशंकर की मौत हो गई है, जिसके बाद वह बिना किसी को बताए मौके से फरार हो गया।
पुलिस टीम ने आरोपी को दबोचा
मानकनगर पुलिस ने हत्या के मामले में नामजद आरोपी को गिरफ्तार कर विधिक कार्यवाही के तहत जेल भेज दिया गया है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में थाना प्रभारी अजीत कुमार के नेतृत्व में उपनिरीक्षक त्रिभुवन सिंह, उपनिरीक्षक सत्यम द्विवेदी, उपनिरीक्षक शाहिद खान, हेड कांस्टेबल धर्मेंद्र यादव और कांस्टेबल प्रकाश यादव शामिल रहे।
रिपोर्टर - उमेश विश्वकर्मा

No Previous Comments found.