बंद मकानों की रेकी कर चोरी करने वाला शातिर चोर गिरफ्तार, बिजनौर पुलिस ने दो वारदातों का किया खुलासा

 


 लखनऊ। राजधानी लखनऊ के बिजनौर थाना क्षेत्र में बंद मकानों को निशाना बनाकर आभूषण और नकदी चोरी करने वाले शातिर चोर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान अभिषेक रावत उर्फ नाटिया (22) निवासी छुआराखेड़ा, न्यू गुड़ौरा थाना बिजनौर के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी की गई चांदी की पायल, सिक्के और बिछिया बरामद की हैं। गिरफ्तारी के साथ ही पुलिस ने चोरी की दो वारदातों का खुलासा करने का दावा किया है।

पुलिस के मुताबिक, 27 अक्टूबर 2026 को रॉयल सिटी निवासी अनूप पटेल के बंद मकान का ताला तोड़कर जेवरात और नकदी चोरी कर ली गई थी। इस मामले में थाना बिजनौर में मुकदमा दर्ज किया गया था। वहीं, 12 नवंबर को न्यू गुड़ौरा मानसरोवर निवासी राहुल यादव के घर से भी आभूषण और नकदी चोरी होने की शिकायत पर दूसरा मुकदमा दर्ज हुआ।

लगातार हो रही चोरी की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए पुलिस उपायुक्त दक्षिणी मो० मुश्ताक के निर्देशन में दो पुलिस टीमें गठित की गईं। थाना प्रभारी निरीक्षक बिजनौर कपिल गौतम के नेतृत्व में पुलिस टीमों ने घटनास्थलों के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और तकनीकी साक्ष्यों के साथ स्थानीय सूचना तंत्र की मदद से आरोपी तक पहुंच बनाई। इसके बाद 13 नवंबर को अभिषेक रावत उर्फ नाटिया को गिरफ्तार कर लिया गया।

 बंद मकानों की रेकी कर देता था वारदात को अंजाम 

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर बताया कि वह पहले बंद मकानों की रेकी करता था और मौका देखकर ताला तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम देता था। आरोपी ने रॉयल सिटी में शिव मंदिर के पास स्थित अनूप पटेल के मकान और अपने ही गांव के राहुल यादव के बंद घर में चोरी करने की बात स्वीकार की। उसने बताया कि चोरी किए गए कुछ सामान को राह चलते लोगों को औने-पौने दामों में बेच दिया था, जबकि बाकी सामान बेचने की फिराक में था।

 चोरी के जेवरात बरामद, पहले भी दर्ज हैं मुकदमे 

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से दो जोड़ी सफेद धातु की पायल, दो सफेद धातु के सिक्के और चार नगदार बिछिया बरामद की हैं। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ बिजनौर थाने में वर्ष 2025 और 2026 के तीन अन्य आपराधिक मुकदमे भी दर्ज हैं।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में विधिक कार्रवाई के तहत उसे न्यायालय के समक्ष पेश कर जेल भेज दिया है। इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम थाना बिजनौर पुलिस की रही।

 

 रिपोर्टर - उमेश विश्वकर्मा

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.