छह महीने के लिए जिला बदर अपराधी चोरी-छिपे लौटा लखनऊ, बन्थरा पुलिस ने किया गिरफ्तार

लखनऊ :  राजधानी लखनऊ में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बन्थरा पुलिस ने जिला बदर किए गए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। छह महीने के लिए जनपद की सीमा से निष्कासित किए जाने के बावजूद आरोपी प्रतिबंधित अवधि में लखनऊ पहुंच गया। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी की पहचान आदित्य द्विवेदी (33) पुत्र कृष्ण कुमार द्विवेदी निवासी कस्बा बन्थरा, हनुमान मंदिर के पास, थाना बन्थरा के रूप में हुई है। संयुक्त पुलिस आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था) के आदेश पर 16 सितंबर 2026 को वाद संख्या 107(25)/2026 के तहत उत्तर प्रदेश गुंडा नियंत्रण अधिनियम की धारा 3 में उसे छह माह के लिए लखनऊ की सीमाओं से निष्कासित किया गया था।

इसके बावजूद आरोपी जिला बदर की अवधि समाप्त होने से पहले ही लखनऊ की सीमा में आ गया। 12 नवंबर को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर बन्थरा पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, जिला बदर के आदेश का उल्लंघन करने पर आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई की गई है।

 पांच आपराधिक मुकदमों का दर्ज है इतिहास 

पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, आदित्य द्विवेदी के खिलाफ बन्थरा, चिनहट और निगोहां थानों में कुल पांच आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। इनमें चोरी-लूट से संबंधित धाराओं के साथ पॉक्सो एक्ट, एससी-एसटी एक्ट और गुंडा नियंत्रण अधिनियम के मामले भी शामिल हैं।

इस कार्रवाई को पुलिस आयुक्त तरुण गाबा और संयुक्त पुलिस आयुक्त (अपराध एवं मुख्यालय) अपर्णा कुमार के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के क्रम में अंजाम दिया गया। पुलिस उपायुक्त दक्षिणी मो. मुश्ताक के निर्देशन, अपर पुलिस उपायुक्त रल्लापल्ली वसंथ कुमार के पर्यवेक्षण और एसीपी कृष्णानगर लक्ष्मण वर्मा के मार्गदर्शन में प्रभारी निरीक्षक राणा राजेश कुमार सिंह के नेतृत्व में बन्थरा पुलिस टीम ने आरोपी को गिरफ्तार किया।


 रिपोर्टर - उमेश विश्वकर्मा

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.