शिक्षण सामग्री और उपहार पाकर खिल उठे बच्चों के चेहरे, शिक्षकों को भी किया सम्मानित

मोहनलालगंज - बाल दिवस के अवसर पर शिवाय सेवा समिति की ओर से शनिवार को धर्मावत खेड़ा स्थित एसडीकेबीएस पब्लिक स्कूल में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान समिति के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने विद्यालय में अध्ययनरत आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों के बीच पहुंचकर उनके साथ बाल दिवस की खुशियां साझा कीं। कार्यक्रम में बच्चों के लिए सामान्य ज्ञान प्रश्नोत्तरी, खेलकूद एवं मनोरंजक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। प्रतियोगिताओं में बच्चों ने पूरे उत्साह और उमंग के साथ प्रतिभाग कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।कार्यक्रम की शुरुआत बच्चों को उनकी कक्षाओं के अनुसार अलग-अलग समूहों में विभाजित कर सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता आयोजित करने के साथ हुई। प्रश्नोत्तरी के माध्यम से बच्चों की बौद्धिक क्षमता, सामान्य ज्ञान और सीखने की रुचि को परखने का प्रयास किया गया। प्रतियोगिता के दौरान बच्चों में खासा उत्साह देखने को मिला। बच्चों ने सवालों के जवाब देने में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इसके बाद विभिन्न खेलकूद एवं मनोरंजक गतिविधियों के माध्यम से बच्चों का उत्साहवर्धन किया गया।

प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेता बच्चों के साथ ही प्रतिभाग करने वाले अन्य बच्चों को भी प्रोत्साहन स्वरूप उपहार एवं पढ़ाई में उपयोगी सामग्री वितरित की गई। उपहार पाकर बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे। समिति के सदस्यों ने बच्चों को बाल दिवस के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी देते हुए बताया कि यह दिन बच्चों के अधिकारों, शिक्षा, स्वास्थ्य और उज्ज्वल भविष्य के प्रति समाज को जागरूक करने का संदेश देता है। इस दौरान देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू के जीवन, व्यक्तित्व और बच्चों के प्रति उनके विशेष स्नेह के बारे में भी बताया गया।

समिति के सदस्यों ने बच्चों को शिक्षा के महत्व के बारे में समझाते हुए उन्हें नियमित रूप से विद्यालय आने, मन लगाकर पढ़ाई करने और जीवन में बेहतर लक्ष्य निर्धारित करने के लिए प्रेरित किया। वक्ताओं ने कहा कि बच्चे देश का भविष्य हैं और उनके सर्वांगीण विकास के लिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति को अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों को भी बेहतर अवसर और प्रोत्साहन मिलना चाहिए, ताकि वे अपनी प्रतिभा के बल पर आगे बढ़ सकें।
कार्यक्रम के अंत में बच्चों को खाद्य सामग्री वितरित की गई। शिवाय सेवा समिति की ओर से विद्यालय के प्रबंधक जय प्रकाश सिंह सहित विद्यालय के शिक्षकों एवं शिक्षिकाओं के सहयोग की सराहना की गई। इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं और स्टाफ को भी सम्मान स्वरूप उपहार भेंट किए गए।समिति पदाधिकारियों ने कहा कि संस्था का मुख्य उद्देश्य जरूरतमंद एवं आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों तक पहुंचकर उनके जीवन में खुशियां बांटना, उन्हें शिक्षा के प्रति जागरूक करना और सामाजिक सहयोग की भावना को मजबूत करना है। समिति का प्रयास है कि ऐसे आयोजन केवल औपचारिकता तक सीमित न रहें, बल्कि बच्चों को आगे बढ़ने के लिए प्रेरणा और आत्मविश्वास भी प्रदान करें।कार्यक्रम के दौरान समिति अध्यक्ष आशीष चतुर्वेदी गुरुजी, सचिव रंजीत यादव, उपाध्यक्ष अखिलेश शुक्ला, मीडिया प्रभारी विनीत कुमार, पंकज गुप्ता, अनुज गुप्ता, संदीप सैनी, हरिकेश वर्मा, अनुज पांडे सहित समिति के अन्य सदस्य मौजूद रहे। सभी ने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए भविष्य में भी इस तरह के सामाजिक एवं शैक्षिक कार्यक्रम आयोजित करने का संकल्प लिया।

रिपोर्टर - धीरज तिवारी 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.