राष्ट्रीय प्रेरणा स्थल पर धूमधाम से मनाया गया लेखपाल स्थापना दिवस
मोहनलालगंज - लेखपाल स्थापना दिवस के अवसर पर शनिवार को राष्ट्रीय प्रेरणा स्थल पर जनपद के समस्त लेखपालों ने एकत्रित होकर स्थापना दिवस हर्षोल्लास, उत्साह एवं श्रद्धा के साथ मनाया। इस अवसर पर संगठन की एकजुटता, आपसी भाईचारे और जनसेवा के संकल्प की झलक देखने को मिली।
कार्यक्रम का शुभारंभ स्वर्गीय श्रद्धेय मुरारीलाल जी शर्मा एवं विद्या की अधिष्ठात्री देवी मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। उपस्थित सभी लेखपाल साथियों ने दोनों के चित्रों पर श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए उन्हें नमन किया। इसके उपरांत मिष्ठान वितरण कर एक-दूसरे को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दी गईं।इस अवसर पर लेखपाल संघ के पदाधिकारियों एवं उपस्थित लेखपालों ने समाज सेवा, जनसेवा, संगठन की एकता तथा राष्ट्रसेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। सभी ने संकल्प लिया कि राजस्व विभाग की जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी निष्ठा, ईमानदारी एवं पारदर्शिता के साथ करते हुए आमजन की समस्याओं के समाधान को प्राथमिकता दी जाएगी।कार्यक्रम में वक्ताओं ने लेखपालों की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए कहा कि लेखपाल राजस्व व्यवस्था की एक महत्वपूर्ण कड़ी होने के साथ-साथ शासन और समाज के बीच विश्वास का मजबूत सेतु भी हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में भूमि संबंधी अभिलेखों के रखरखाव, राजस्व कार्यों, सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन तथा आपदा एवं अन्य जनहितकारी कार्यों में लेखपालों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। ऐसे में लेखपालों का दायित्व है कि वे अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूरी जिम्मेदारी, संवेदनशीलता और कर्तव्यनिष्ठा के साथ करें।लेखपाल संघ ने संगठन की मजबूती पर जोर देते हुए कहा कि संगठन की एकता ही उसकी सबसे बड़ी ताकत है। साथियों के सम्मान, अधिकारों की रक्षा, आपसी सहयोग और संगठन की गरिमा को बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। संगठन सदैव अपने सदस्यों के हितों के साथ-साथ आमजन की सेवा और राष्ट्रहित के कार्यों के लिए प्रतिबद्ध रहेगा।
इस गौरवशाली अवसर पर जिलाध्यक्ष श्री विश्वनाथ प्रताप सिंह, जिला महामंत्री श्री कुलदीप सिंह यादव, वरिष्ठ उपाध्यक्ष श्री सच्चिदानंद द्विवेदी, जिला संगठन मंत्री श्री गौरव श्रीवास्तव एवं पूर्व जिलाध्यक्ष श्री दिलीप बाथम सहित जनपद के अनेक सम्मानित एवं गणमान्य लेखपाल साथी उपस्थित रहे। सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की तथा संगठन के प्रति अपनी सहभागिता और प्रतिबद्धता व्यक्त की।कार्यक्रम का समापन आपसी सौहार्द, संगठनात्मक एकता और जनसेवा के संकल्प के साथ हुआ। इस अवसर पर उपस्थित सभी लेखपाल साथियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए समस्त लेखपाल परिवार को लेखपाल स्थापना दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दी गईं।
रिपोर्टर - धीरज तिवारी

No Previous Comments found.