ऑटो में सवार टप्पेबाज महिलाओं का आतंक! धक्का-मुक्की कर भटकाया ध्यान

 लखनऊ : राजधानी में टप्पेबाज महिलाओं का गिरोह एक बार फिर सक्रिय नजर आया है। ऑटो में सफर कर रही एक महिला को निशाना बनाकर शातिर महिलाओं ने धक्का-मुक्की के बीच उसके गले से सोने की चेन गायब कर दी। पीड़िता को वारदात की जानकारी ऑटो से उतरने के बाद हुई। पीड़िता की शिकायत पर मानक नगर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी महिलाओं की तलाश शुरू कर दी है।

बंथरा थाना क्षेत्र के नुर्दी खेड़ा तिराहा निवासी किरन रावत पत्नी अशोक कुमार के मुताबिक, शनिवार 14 नवंबर की सुबह करीब 10 बजे वह ऑटो रिक्शा में बैठकर जा रही थीं। इसी दौरान कृष्णानगर के पास 4-5 अज्ञात महिलाएं उसी ऑटो में सवार हो गईं। आरोप है कि सफर के दौरान इन महिलाओं ने जानबूझकर उनके साथ धक्का-मुक्की शुरू कर दी। इसी बीच एक लड़की उनके पैर दबाकर उनका ध्यान भटकाने लगी। पीड़िता को उस समय महिलाओं की इस हरकत पर शक नहीं हुआ।

जब वह मानक नगर थाना क्षेत्र स्थित अवध चौराहे पर ऑटो से नीचे उतरीं तो उनके गले से सोने की चेन गायब थी। यह देखकर उनके होश उड़ गए। पीड़िता ने आशंका जताई कि ऑटो में सवार हुईं 4-5 अज्ञात महिलाओं ने धक्का-मुक्की के दौरान उनका ध्यान भटकाकर गले से सोने की चेन काट ली और फरार हो गईं।

पीड़िता ने स्थानीय मानक नगर थाने में लिखित शिकायत देकर कृष्णानगर से अवध चौराहे के बीच लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने की मांग की है। उनका कहना है कि रास्ते में लगे कैमरों की जांच से टप्पेबाज महिलाओं के गिरोह का सुराग मिल सकता है।

वहीं मानक नगर थाना प्रभारी अजीत सिंह ने बताया कि पीड़िता की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। घटनास्थल और आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस आरोपी महिलाओं की पहचान कर उनकी तलाश में जुटी है।

 रिपोर्टर : राजेश वर्मा

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.