यूपी के मंत्री अनिल राजभर ने सुंदरकांड महा अभियान की सराहना की

लखनऊ - सनातन ध्वजवाहिका सपना गोयल के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश ही नहीं, बल्कि राष्ट्रीय स्तर पर “सुंदरकांड महा अभियान, भारतवर्ष की बने पहचान” का व्यापक संचालन किया जा रहा है। इसी अभियान के अंतर्गत ऋषिकेश में तीन दिवसीय तीर्थयात्रा एवं सामूहिक सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया जा रहा है।

इस धार्मिक आयोजन के तहत 18 नवंबर 2026 को शाम 5 बजे जानकी झूला घाट, 19 नवंबर को सुबह 11 बजे त्रिवेणी घाट तथा 20 नवंबर को सुबह 11 बजे परमार्थ निकेतन के समीप सामूहिक सुंदरकांड का पाठ किया जाएगा। वहीं 19 एवं 20 नवंबर को आमंत्रित अतिथियों की उपस्थिति में विशेष धार्मिक अनुष्ठान भी संपन्न होंगे। इसी क्रम में सपना गोयल से हुई मुलाकात के दौरान उत्तर प्रदेश सरकार के श्रम एवं सेवायोजन मंत्री अनिल राजभर ने सुंदरकांड महा अभियान की भूरि-भूरि प्रशंसा की। इस अवसर पर सपना गोयल की ओर से मंत्री अनिल राजभर को भगवान राम के परम भक्त हनुमान जी का स्मृति चिह्न एवं अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया।

सपना गोयल ने बताया कि 18 नवंबर 2026 को कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की नवमी तिथि पर आंवला नवमी है। अक्षय का अर्थ अविनाशी होता है। मान्यता है कि इस दिन किए गए धार्मिक अनुष्ठान का पुण्य कभी क्षीण नहीं होता। वहीं 20 नवंबर को हरिप्रबोधिनी एकादशी का पर्व मनाया जाएगा, जो देवशयनी एकादशी से प्रारंभ हुए चार माह के चातुर्मास का समापन करता है।

उन्होंने कहा कि इन पावन और मांगलिक अवसरों पर ऋषिकेश में तीन दिनों तक लगातार सामूहिक सुंदरकांड पाठ का आयोजन आध्यात्मिक चेतना और राष्ट्र उत्थान की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास है। इस आयोजन का उद्देश्य समाज में सकारात्मक ऊर्जा, धार्मिक चेतना और सनातन संस्कृति के प्रति आस्था को मजबूत करना है।

भारत को पुनः विश्व गुरु के रूप में स्थापित करना लक्ष्य

सपना गोयल ने बताया कि उनका एकमात्र लक्ष्य संतों और ऋषियों की पावन भूमि भारत को पुनः विश्व गुरु के रूप में प्रतिष्ठित करना है। इसी उद्देश्य की पूर्ति के लिए ईश्वरीय स्वप्नाशीष सेवा समिति की ओर से बिना किसी सरकारी अथवा निजी आर्थिक सहयोग के विभिन्न धार्मिक आयोजनों का संचालन किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि 10 मार्च 2024 को महिला दिवस के अवसर पर लखनऊ के झूलेलाल घाट पर उनकी अगुआई में पांच हजार से अधिक महिलाओं ने सामूहिक सुंदरकांड का भव्य अनुष्ठान किया था। इसके बाद 23 जून 2024 को पावन तीर्थ नैमिषारण्य में पांच हजार महिलाओं की सहभागिता के साथ सामूहिक सुंदरकांड महायज्ञ आयोजित किया गया।

इस महाअभियान के अंतर्गत उत्तराखंड के कोटद्वार स्थित प्राचीन सिद्धबली मंदिर, काशी विश्वनाथ मंदिर, हरिद्वार की हर की पौड़ी, रुड़की के महादेव मंदिर, चित्रकूट के रामघाट, प्रयागराज के लेटे हुए हनुमान मंदिर तथा कानपुर के आनंदेश्वर महादेव मंदिर के गंगाजी घाट परिसर में भी भव्य सुंदरकांड पाठ आयोजित किए जा चुके हैं।

इसके अतिरिक्त मथुरा स्थित भगवान श्रीकृष्ण जन्मस्थली मंदिर परिसर में डेढ़ हजार से अधिक मातृशक्तियों ने सामूहिक सुंदरकांड का पाठ किया। वहीं 11 सितंबर 2024 से अयोध्या में प्रभु श्रीराम की जन्मभूमि परिसर में मासिक सुंदरकांड पाठ की परंपरा भी प्रारंभ की गई है। सपना गोयल का कहना है कि सुंदरकांड महा अभियान केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि सनातन संस्कृति, महिला शक्ति, आध्यात्मिक जागरण और राष्ट्र उत्थान को समर्पित एक व्यापक अभियान है।

सनातन ध्वजवाहिका सपना गोयल

रिपोर्टर - चौधरी मुकेश सिंह 

 

 

 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.