फैजुल्लागंज में जान जोखिम में डालकर बचाई लोगों की जान, विधायक डॉ. नीरज बोरा ने किया सम्मानित

लखनऊ - फैजुल्लागंज के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्यों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले 'नारंगी टीम' के कार्यकर्ताओं और स्वैच्छिक सेवकों को सेवा हॉस्पिटल परिसर में आयोजित समारोह में सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक डॉ. नीरज बोरा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने कार्यकर्ताओं के सेवाभाव, समर्पण और साहस की सराहना करते हुए कहा कि आपदा के समय इन लोगों ने मानवता की मिसाल पेश की है।

डॉ. नीरज बोरा ने कहा कि भीषण बाढ़ के दौरान नारंगी टीम के कार्यकर्ताओं ने दिन-रात एक कर प्रभावित परिवारों तक राशन और आवश्यक सामग्री पहुंचाई। इतना ही नहीं, पालतू पशुओं की सुरक्षा और उन्हें सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने कहा कि कठिन परिस्थितियों में कार्यकर्ताओं ने राजनीति से ऊपर उठकर मानव सेवा को प्राथमिकता दी और अपने कार्यों से जवाब दिया।

संकट के समय सेवा और साहस की सुनाई आपबीती

कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं ने बाढ़ राहत अभियान से जुड़े अपने अनुभव साझा किए। इस दौरान कई संस्मरण सुनकर उपस्थित लोग भावुक हो गए। लवकेश सिंह ने बताया कि हनुमानपुरा में दूध के अभाव में रो रहे बच्चों के लिए टीम के सदस्यों ने तत्काल दूध की व्यवस्था कराई, ताकि मासूम बच्चों को परेशानी न हो।

वहीं अनिल मिश्रा और सतीश वर्मा ने बताया कि राहत सामग्री का वितरण करते समय कई बार जानलेवा परिस्थितियों का सामना करना पड़ा। इस दौरान नाव पलटने और करीब 12 फीट गहरे पानी में गिरने जैसी घटनाएं भी हुईं, लेकिन कार्यकर्ताओं ने हिम्मत नहीं हारी और लगातार राहत कार्य में जुटे रहे।

सुनील सिंह ने बताया कि कई दिनों तक लगातार राहत एवं बचाव कार्य करने के कारण कुछ कार्यकर्ता संक्रमण की चपेट में भी आ गए, लेकिन इसके बावजूद उनका सेवा भाव और हौसला कम नहीं हुआ।

मीडियाकर्मियों का भी जताया आभार

कार्यक्रम में प्रमोद चतुर्वेदी, प्रदीप शुक्ला, रामशरण सिंह, शैलेंद्र मौर्य, गौरव अवस्थी और शिवम श्रीवास्तव सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे। इस अवसर पर विधायक डॉ. नीरज बोरा ने कठिन परिस्थितियों में राहत कार्यों की वास्तविक स्थिति और कार्यकर्ताओं के प्रयासों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए मीडियाकर्मियों का भी आभार व्यक्त किया।

उन्होंने कहा कि आपदा के समय जरूरतमंदों की मदद करना ही सच्ची मानवता है। नारंगी टीम के कार्यकर्ताओं ने जिस साहस, समर्पण और सेवाभाव के साथ काम किया, वह समाज के लिए प्रेरणादायक है।

रिपोर्टर - चौधरी मुकेश सिंह

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.