दुकानदार सामान देने में रहा व्यस्त, काउंटर से कीमती मोबाइल पार कर गया शातिर चोर
लखनऊ : कृष्णानगर कोतवाली क्षेत्र में दीपावली पर्व के दौरान सड़क किनारे लगी मूर्ति और झालर की दुकान पर चोरों ने हाथ साफ कर दिया। ग्राहकों की भीड़ के बीच काउंटर पर रखा दुकानदार का कीमती मोबाइल फोन चोरी हो गया। पीड़ित दुकानदार ने महिला और पुरुष ग्राहकों पर मोबाइल चोरी करने की आशंका जताते हुए मंगलवार को कृष्णानगर कोतवाली में लिखित शिकायत दी है।
कृष्णानगर के न्यू सिंधु नगर, मानस नगर निवासी रितेश शर्मा पुत्र स्वर्गीय आरबी शर्मा के मुताबिक, दीपावली पर्व के मद्देनजर उन्होंने सिंधु नगर स्थित पानी की टंकी के पास सड़क किनारे मूर्ति, झालर सहित अन्य सजावटी सामान की दुकान लगाई थी। बीती 6 नवंबर की रात करीब 8:30 बजे वह दुकान पर ग्राहकों को सामान देने में व्यस्त थे। इसी दौरान जल्दबाजी में उन्होंने अपना मोबाइल फोन काउंटर पर रख दिया। दुकान पर ग्राहकों की भीड़ होने के कारण वह सामान देने में मशगूल रहे। इसी बीच किसी महिला अथवा पुरुष ग्राहक ने काउंटर पर रखा उनका मोबाइल फोन चोरी कर लिया।
कुछ देर बाद मोबाइल गायब मिलने पर दुकानदार ने आसपास काफी तलाश की, लेकिन मोबाइल का कोई सुराग नहीं लगा। इसके बाद उन्होंने दुकान पर आए महिला-पुरुष ग्राहकों पर चोरी की आशंका जताते हुए मंगलवार को पुलिस से लिखित शिकायत की। कृष्णानगर कोतवाली प्रभारी पीके सिंह ने बताया कि पीड़ित दुकानदार की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर मोबाइल चोर की तलाश की जा रही है।
रिपोर्टर : राजेश वर्मा

No Previous Comments found.