फैजुल्लागंज के पांच सौ परिवारों को वितरित की गई हाइजीनिक किट, विधायक डॉ. नीरज बोरा ने गिनाईं विकास की योजनाएं
लखनऊ : अंतर्राष्ट्रीय वैश्य फेडरेशन के तत्वावधान में आज फैजुल्लागंज के बाढ़ प्रभावित क्षेत्र के लगभग पांच सौ परिवारों को हाइजीनिक किट वितरित की गई। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि लखनऊ उत्तर के विधायक डॉ. नीरज बोरा ने क्षेत्रवासियों को किट वितरित करते हुए स्वच्छता एवं स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने की अपील की।
सेवा परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में विधायक डॉ. नीरज बोरा ने कहा कि फैजुल्लागंज का समग्र विकास उनकी प्राथमिकता है। क्षेत्र में चिकित्सालय, राजकीय बालिका विद्यालय और सामुदायिक केंद्र जैसी सुविधाओं के विकास के साथ पुराने पीपे वाले पुल के स्थान पर नए पुल का निर्माण कराया जा रहा है। बाढ़ में क्षतिग्रस्त छोटी एवं बड़ी सड़कों का पुनर्निर्माण, बिजली व्यवस्था में सुधार तथा नए विद्युत उपकेंद्र की व्यवस्था भी की जा रही है बाढ़ से स्थायी सुरक्षा के लिए 24 मीटर चौड़े और साढ़े पांच किलोमीटर लंबे बांध का शीघ्र भूमि पूजन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में सीवर एवं पेयजल पाइपलाइन बिछाने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से अनुरोध किया जा रहा है।
विधायक ने क्षेत्रवासियों से संवाद करते हुए विकास कार्यों के संबंध में सुझाव मांगे। इस पर लोगों ने उनके प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि बाढ़ की आपदा के दौरान विधायक और उनकी टीम ने घर-घर पहुंचकर राशन एवं आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराकर बड़ी राहत पहुंचाई।
कार्यक्रम में पांच सौ से अधिक लोग उपस्थित रहे। इस अवसर पर रूपाली गुप्ता, प्रदीप शुक्ला, अंकुश बाजपेई, सतीश वर्मा, लवकेश सिंह, अनिल मिश्रा, कृपा शंकर मिश्रा,शैलेन्द्र मौर्य, आदित्य गौड,दिव्यांशी शुक्ला, रीता सिंह, रामशरण सिंह सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन सुनील सिंह ने किया।
रिपोर्टर : चौधरी मुकेश सिंह

No Previous Comments found.