एस आर ग्रुप में सृजन-2026 का आयोजन, भावी इंजीनियर्स और मैनेजर ने सांस्कृतिक कार्यक्रम
लखनऊ : एस आर ग्रुप में सृजन-2026 का आयोजन, भावी इंजीनियर्स और मैनेजर ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए।
एसआर ग्रुप में धूमधाम से आयोजित हुआ ‘सृजन-2026’, नवप्रवेशित विद्यार्थियों ने बिखेरी प्रतिभा की छटा।
फ्रेशर्स पार्टी में संगीत, नृत्य, फैशन शो और रैंप वॉक ने बांधा समां।
एमएलसी पवन सिंह चौहान ने विद्यार्थियों को दिए सफलता और जीवन प्रबंधन के सूत्र। एसआर ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस, लखनऊ में नवप्रवेशित विद्यार्थियों के स्वागत के लिए वार्षिक सांस्कृतिक समारोह ‘सृजन-2026’ का भव्य आयोजन किया गया। समारोह में बीटेक, एमबीए, आयुष, एग्रीकल्चर, एजीएमपी, डीफार्मा सहित विभिन्न पाठ्यक्रमों के प्रथम वर्ष के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। संगीत, नृत्य, फैशन शो और रैंप वॉक जैसी रंगारंग प्रस्तुतियों ने समारोह को यादगार बना दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि दानिश आज़ाद अंसारी, राज्यमंत्री, अल्पसंख्यक कल्याण, मुस्लिम वक़्फ़ एवं हज विभाग एवं विशिष्ट अतिथि किरण एस, पुलिस महानिरीक्षक, लखनऊ रेंज, संस्थान के चेयरमैन एवं एमएलसी पवन सिंह चौहान, वाइस चेयरपर्सन निर्मला सिंह चौहान, वाइस चेयरमैन पीयूष सिंह चौहान एवं वाइस चेयरपर्सन सुष्मिता सिंह चौहान सहित अन्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। इस अवसर पर संस्थान की प्रबंधन टीम ने अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर आत्मीय स्वागत किया तथा स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आगाज मनमोहक गणेश वंदना से हुआ। इसके उपरांत आईटी, मैकेनिकल, सिविल, बायोटेक्नोलॉजी, कंप्यूटर साइंस, एआई एवं एमएल, इलेक्ट्रॉनिक्स, इलेक्ट्रिकल, एग्रीकल्चर, आयुष, एमबीए, आईएमबीए, बी.वोक तथा एसआर ग्लोबल के विद्यार्थियों ने शानदार सामूहिक नृत्य एवं संगीत प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया।
समारोह का प्रमुख आकर्षण बीटेक, एमबीए एवं आईएमबीए के विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत रैंप वॉक और फैशन शो रहा। विद्यार्थियों के आत्मविश्वास, आकर्षक परिधान, रचनात्मकता एवं मंच पर प्रभावशाली प्रस्तुति को उपस्थित दर्शकों ने खूब सराहा।
मुख्य अतिथि श्री दानिश आज़ाद अंसारी ने अपने संबोधन में कहा कि फ्रेशर पार्टी नवागंतुक विद्यार्थियों को संस्थान के साथ जुड़ने और एक नई शैक्षणिक यात्रा की शुरुआत को यादगार बनाने का अवसर प्रदान करती है। साथ ही, सांस्कृतिक गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों के आत्मविश्वास, रचनात्मक प्रतिभा एवं आपसी समन्वय को बढ़ावा मिलता है। उन्होंने विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ सांस्कृतिक एवं रचनात्मक गतिविधियों में भी सक्रिय सहभागिता के लिए प्रेरित किया।
विशिष्ट अतिथि किरण एस. ने अपने संबोधन में कहा कि विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में समय प्रबंधन की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उन्होंने विद्यार्थियों को समय का सदुपयोग करने, अनुशासित दिनचर्या अपनाने तथा अपने लक्ष्यों के प्रति निरंतर समर्पित रहने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर एमएलसी एवं संस्थान के चेयरमैन पवन सिंह चौहान ने नवप्रवेशित विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी जीवन केवल शैक्षणिक उपलब्धियां अर्जित करने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह अपनी प्रतिभा, रचनात्मकता, नेतृत्व क्षमता और व्यक्तित्व को निखारने का महत्वपूर्ण अवसर भी है। विद्यार्थियों को जीवन में अनुशासन, सकारात्मक सोच, निरंतर परिश्रम और समय प्रबंधन को अपनाकर अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ना चाहिए।
अन्य अतिथियों ने भी एसआर ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस की शैक्षणिक गतिविधियों, आधुनिक सुविधाओं और विद्यार्थियों को उपलब्ध कराए जा रहे विभिन्न अवसरों की सराहना की। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि संस्थान के विद्यार्थी अपनी प्रतिभा, मेहनत और लगन के बल पर राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर संस्थान और प्रदेश का नाम रोशन करेंगे।
संस्थान प्रबंधन ने अपने संकल्प को दोहराते हुए कहा कि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, आधुनिक कौशल विकास, रोजगारोन्मुखी प्रशिक्षण तथा सर्वांगीण व्यक्तित्व निर्माण के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध कराना संस्थान की प्राथमिकता है।
कार्यक्रम के अंत में संस्थान प्रबंधन ने सभी अतिथियों, शिक्षकों, कार्यक्रम समन्वयकों, आयोजन समिति के सदस्यों एवं प्रतिभागी विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया। विद्यार्थियों के उत्साह, उमंग और शानदार प्रस्तुतियों के साथ ‘सृजन-2026’ समारोह यादगार बन गया।
रिपोर्टर : चौधरी मुकेश सिंह

No Previous Comments found.