19 नवम्बर को त्रिवेणी घाट पर किया गया भव्य और दिव्य सामूहिक सुंदरकांड पाठ
लखनऊ - सनातन ध्वज वाहिका सपना गोयल द्वारा उत्तर प्रदेश ही नहीं वरन राष्ट्रीय स्तर पर व्यापक रूप से “सुंदरकांड महा अभियान, भारत वर्ष की बने पहचान” का संचालन किया जा रहा है। इसी कड़ी में सपना गोयल की अगुआई में वृहद त्रि-दिवसीय ऋषिकेश तीर्थयात्रा का आयोजन किया जा रहा है। इसमें बुधवार 18 नवम्बर 2026 को आंवला नवमी पर जानकी झूला घाट पर सुंदरकांड पाठ के उपरांत गुरुवार 19 नवम्बर को मध्याह्न में त्रिवेणी घाट पर वृहद सामूहिक सुंदरकांड का पाठ सपना गोयल की अगुआई में, सैकड़ों मातृशक्तियों के माध्यम से किया गया। इसमें सभी बहनें, खासतौर से सनातनी पीली साड़ी पहने थी। ऐसे में ऋषिकेश के त्रिवेणी घाट पर ऐसा प्रतीत हुआ कि पीताम्बरी सैलाब उमड़ आया हो। इस अवसर पर ‘हर हर महादेव’ और ‘जय श्री राम’ जैसे जयघोषों से घाट परिसर गूंज उठा। इस क्रम में त्रिदिवसीय अनुष्ठान के अंतिम सोपान के रूप में शुक्रवार 20 नवम्बर को सुबह 11 बजे परमार्थ निकेतन के पास ऐतिहासिक सुंदरकांड का सामूहिक पाठ किया जाएगा। इस अवसर पर ऋषिकेश में वरिष्ठ भाजपा नेता एवं पूर्व राज्यमंत्री संदीप गुप्ता, नगर आयुक्त विजयनाथ शुक्ला एवं श्री गंगा सभा, ऋषिकेश के सचिव राहुल शर्मा सचिव सहित कई अन्य सहयोगी एवं गणमान्य हस्तियां, इस दिव्य आयोजन की साक्षी बनी। उन्होंने इस भव्य आयोजन एवं सनातन ध्वज वाहिका सपना गोयल की भूरि-भूरि प्रशंसा की।
सपना गोयल के अनुसार 20 नवंबर को हरिप्रबोधिनी एकादशी होगी जो देवशयनी एकादशी से शुरू हुए चार महीने के चातुर्मास काल का समापन करती है। ऐसे मांगलिक दिवसों में ऋषिकेश तीर्थयात्रा का महत्व बहुत बढ़ जाता है। इस दिव्य यात्रा और सुंदरकांड का तीन बार सामूहिक पाठ निश्चित रूप से सत-चित-आत्माओं का तो उत्थान करेगा ही राष्ट्र शक्तिकरण की दिशा में भी अहम् प्रयास होगा। निश्चित रूप से इन तीन मांगलिक दिवसों में लगातार तीन दिन तक सामूहिक सुंदरकांड का पाठ समस्त नकारात्मक शक्तियों को क्षीण करेगा और सकारात्मक ऊर्जाओं को बल प्रदान करेगा। विभिन्न शक्तिपीठों की मातृशक्तियों ने श्रद्धाभाव और उत्साह के साथ इस अनुष्ठान में प्रतिभाग किया। इस सनातन चेतना जागृति महायज्ञ में सभ्या पाण्डेय, मीना भार्गव, मीना नोटियाल, किरन रावत, रानी सिंह, विमला देवी, नीतू यादव, सुमन सिंह, इंदु सिंह, रीता शुक्ला, रूबी सिंह, संजू चतुर्वेदी, राधा अग्रवाल, रीता पांडे सहित अन्य सैकड़ों सनातनी बहनें शामिल रहीं।
सपना गोयल ने बताया कि उनका एक मात्र लक्ष्य है कि संतों और ऋषियों की पावन भूमि, “भारत” एक बार पुन: “विश्व गुरु” के रूप में प्रतिष्ठित हो। भारत उत्थान के इस महा उद्देश्य की पूर्ति के लिए “ईश्वरीय स्वप्नाशीष सेवा समिति” की ओर से बिना किसी सरकारी या निजी सहयोग के 10 मार्च 2024 को महिला दिवस के उपलक्ष्य में सपना गोयल की अगुआई में पांच हजार से अधिक महिलाओं ने लखनऊ के झूलेलाल घाट पर सामूहिक सुंदरकांड का भव्य अनुष्ठान किया था। इस क्रम में 23 जून 2024 को पावन तीर्थ नैमिषारण्य में भव्य सामूहिक सुंदरकांड महायज्ञ का आयोजन करवाया गया था। उस अनुष्ठान में पांच हजार महिलाओं को शामिल करवाया गया था। इस महा तीर्थाटन अभियान के अंतर्गत उत्तराखंड कोटद्वार के प्राचीन सिद्धबली मंदिर, काशी विश्वनाथ मंदिर, हर की पौड़ी हरिद्वार, रुड़की महादेव मंदिर, चित्रकूट के पावन तीर्थ परिसर रामघाट, प्रयागराज के लेटे हुए हनुमान मंदिर एवं कानपुर के आनंदेश्वर महादेव मंदिर के गंगाजी घाट परिसर में भी भव्य सुंदरकाण्ड का पाठ सफलतापूर्वक आयोजित किया जा चुका है। मथुरा स्थित भगवान कृष्ण जन्मस्थली मंदिर परिसर में भी डेढ़ हजार से अधिक मातृशक्तियों ने सामूहिक सुन्दरकांड का पाठ किया था। 11 सितम्बर 2024 से अयोध्या तीर्थ में प्रभु राम जी के जन्मभूमि परिसर में भी, मासिक सुंदरकांड पाठ का सिलसिला शुरू हो गया है।
रिपोर्टर - चौधरी मुकेश सिंह

No Previous Comments found.