पुश्तैनी जमीन पर कब्जे और धोखाधड़ी का आरोप लगाकर किसान ने ईको गार्डन में दिया धरना

लखनऊ - राजधानी लखनऊ में जमीन विवाद को लेकर एक पीड़ित किसान ने गुरुवार को आलमबाग स्थित ईको गार्डन (पुरानी जेल) में धरना देकर न्याय की गुहार लगाई। कृष्णानगर थाना क्षेत्र के केसरीखेड़ा निवासी किसान उदय प्रताप सिंह यादव ने भूमाफिया जसवंत सिंह और उनके सहयोगियों पर पुश्तैनी जमीन में धोखाधड़ी कर कब्जा करने और जमीन बेचने का आरोप लगाया। किसान ने मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने के साथ ही अपनी जान-माल की सुरक्षा की मांग उठाई।

पीड़ित किसान उदय प्रताप सिंह यादव के मुताबिक, केसरीखेड़ा (पोहकी खेड़ा) स्थित खसरा संख्या 2577, 2578, 2579 और 2580 की कुल 4 बीघा 13 बिस्वा जमीन उनकी पुश्तैनी संपत्ति है। आरोप है कि जसवंत सिंह यादव ने वर्ष 2006 के आसपास टीएन यादव और विजय यादव को जमीन बेच दी थी, जबकि पीड़ित पक्ष का दावा है कि संबंधित खसरा नंबरों में उनके परिवार ने अपनी जमीन नहीं बेची थी। किसान ने आरोप लगाया कि चारों खसरा नंबरों का नियमानुसार कुर्रा-फांट नहीं कराया गया, जिससे जमीन की नापजोख में गड़बड़ी हुई और जिस जमीन पर उनका कब्जा था, उस पर भी कब्जा कर बेच दिया गया।

पीड़ित का यह भी आरोप है कि उन्होंने मुख्यमंत्री पोर्टल, प्रधानमंत्री पोर्टल, जनसुनवाई पोर्टल और अन्य माध्यमों से लगातार शिकायतें कीं, लेकिन उन्हें अब तक न्याय नहीं मिला। किसान के अनुसार, 17 अक्टूबर 2022 से 18 नवंबर 2026 तक शिकायतों के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हो सका। उन्होंने आरोपित पक्ष की ओर से फोन किए जाने और अपनी जान को खतरा होने की आशंका भी जताई। धरने के दौरान किसान ने प्रशासन से जमीन की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच कराने, कथित अवैध कब्जे और निर्माण पर कार्रवाई करने तथा परिवार को सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की।

वहीं, मामला न्यायालय में विचाराधीन होने की जानकारी सामने आई है। धरने की सूचना पर कृष्णानगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़ित किसान व उनके परिवार को समझा-बुझाकर धरना समाप्त कराया। पुलिस की ओर से पीड़ित पक्ष को मामले की जांच कराने का आश्वासन दिया गया। फिलहाल जमीन विवाद को लेकर किसान ने न्याय की उम्मीद में प्रशासन से निष्पक्ष जांच और उचित कार्रवाई की मांग की है।

रिपोर्टर - उमेश विश्वकर्मा

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.