लखनऊ जिला जेल में विचाराधीन बंदी ने तौलिये से फांसी लगाकर दी जान, जेल वार्डर निलंबित; तीन हेड वार्डरों पर भी कार्रवाई की तैयारी
लखनऊ : राजधानी लखनऊ के चर्चित समरीन हत्याकांड में गुरुवार को नया मोड़ आ गया। हत्या के मामले में जिला जेल में बंद आरोपी बॉयफ्रेंड अवनीश जायसवाल उर्फ देव उर्फ गोले (30) की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, आरोपी ने जेल की बैरक में तौलिये का फंदा बनाकर फांसी लगा ली। घटना की जानकारी मिलते ही जेल प्रशासन और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। वहीं, मामले में लापरवाही के आरोप में बैरक प्रभारी जेल वार्डर हरिओम को निलंबित कर दिया गया है, जबकि तीन हेड जेल वार्डरों के खिलाफ भी विभागीय कार्रवाई की तैयारी है।
पुलिस के मुताबिक, सुल्तानपुर जनपद के दोस्तपुर थाना क्षेत्र स्थित फिरोजपुर खुर्द निवासी अवनीश जायसवाल सुशांत गोल्फ सिटी थाने में दर्ज मु0अ0सं0 685/2026 धारा 103(1) बीएनएस के तहत आरोपी था। वह 15 अक्टूबर 2026 से लखनऊ जिला कारागार में निरुद्ध था।
जेल प्रशासन की ओर से गोसाईंगंज पुलिस को दी गई सूचना के अनुसार, 18 और 19 नवंबर की मध्यरात्रि करीब दो बजे जेल के सर्किल नंबर तीन की बैरक संख्या 83 में बंदी ने तौलिये से फांसी लगा ली। जेल चिकित्सक ने परीक्षण के बाद रात करीब 3:10 बजे उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना पर जेलर ऋत्विक प्रियदर्शी समेत पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। नायब तहसीलदार अभिषेक पाण्डेय की मौजूदगी में पंचायतनामा की कार्रवाई की गई। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद होगी।
*होटल की 10वीं मंजिल से गिरकर हुई थी समरीन की मौत*
दरअसल, पूरा मामला 14 अक्टूबर को सुशांत गोल्फ सिटी स्थित होटल सेलेस्टियल मैन्योर में हुई 24 वर्षीय समरीन की मौत से जुड़ा है। जानकारी के मुताबिक, घटना वाले दिन समरीन अपने बॉयफ्रेंड अवनीश जायसवाल के साथ होटल पहुंची थी। दोनों ने दोपहर करीब 12 बजे होटल में चेक-इन किया था। शाम करीब 6:30 बजे समरीन होटल की 10वीं मंजिल से नीचे गिर गई, जिससे उसकी मौत हो गई।
समरीन के मौसा मोहम्मद शकील ने आरोप लगाया था कि अवनीश कई महीनों से समरीन के पीछे पड़ा था और बहाने से उसे होटल लेकर गया था। परिवार को घटना की जानकारी रात करीब 11 बजे मिली थी। समरीन की मौत के बाद अवनीश मौके से फरार हो गया था। पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी, लेकिन घटना के करीब दो दिन बाद उसने न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया था। इसके बाद से वह लखनऊ जिला जेल में बंद था।
*लापरवाही के आरोप में वार्डर निलंबित, तीन हेड वार्डर भी कार्रवाई के घेरे में*
जेल में विचाराधीन बंदी की मौत के बाद जेल प्रशासन ने लापरवाही के आरोप में बैरक प्रभारी जेल वार्डर हरिओम को निलंबित कर दिया है। इसके अलावा हेड जेल वार्डर डीपी सिंह, उदय नारायण और दीपेन्द्र सिंह के खिलाफ भी विभागीय कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।
फिलहाल पुलिस और जेल प्रशासन मामले की जांच में जुटे हैं। बंदी की मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही हो सकेगा। इस घटना के बाद जिला जेल की निगरानी व्यवस्था और बंदियों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।
रिपोर्टर - उमेश विश्वकर्मा

No Previous Comments found.